IPL 2026 के मैचों पर लग रहा था धुआंधार सट्टा, हार-जीत पर लाखों की बाजी; नील फ्लोरेंस अपार्टमेंट के फ्लैट में पड़ा छापा
आगरा के सिकंदरा स्थित नील फ्लोरेंस अपार्टमेंट में आईपीएल ऑनलाइन सट्टे का भंडाफोड़ हुआ। पुलिस ने एक आरोपी ऋतिक पाठक को गिरफ्तार कर 1.19 लाख रुपये, मोबा ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, आगरा। सिकंदरा के नील फ्लोरेंस अपार्टमेंट में तीन भाई मिलकर आइपीएल पर ऑनलाइन सट्टा लगवा रहे थे। पुलिस ने एक युवक को दबोच लिया। उसके पास से 1.19 लाख रुपये, पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पांच महीने पहले ही तीनों भाई फ्लैट में किराए पर रहने आए थे।
पुलिस आरोपित दो भाइयों की तलाश में जुटी है। आइपीएल सीजन में सक्रिय हुए सट्टेबाजों पर पुलिस नजर रखे हुए है। सिकंदरा पुलिस ने नील फ्लोरेंस अपार्टमेंट में फ्लैट नंबर 804 पर दबिश देकर ऋतिक पाठक निवासी विकास कालोनी भाग एक, पक्काबाग इटावा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह अपने भाई ऋषभ पाठक व केशव पाठक के साथ मिलकर ऑनलाइन सट्टा लगवा रहा था। जरूरतमंद लोगों को कमीशन का लालच देकर उनके दस्तावेज से खाते खुलवाते और सिम जारी कराते। पासबुक व डेबिट कार्ड अपने पास रख लेते थे। ऑनलाइन सट्टे के रुपये इन्हीं खातों में जमा कराते थे।
बाद में एटीएम से रुपये निकाल लेते थे। इंस्पेक्टर सिकंदरा प्रदीप कुमार त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए ऋतिक के पास से एक लाख 19 हजार पांच सौ रुपये, पांच मोबाइल, दो लैपटाॅप, 12 डेबिट कार्ड, 19 पासबुक व सात रजिस्टर बरामद किए गए हैं। सट्टे के खेल में शामिल आरोपित के दोनों भाइयों की तलाश की जा रही है।
खबरें और भी
मोबाइल की सीडीआर रिपोर्ट व बैंक खातों में हुए लेनदेन के साथ ही रजिस्टर में दर्ज एंट्री की मदद से सट्टा लगाने वालों की जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपित के खिलाफ इटावा के बकेवर थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। आरोपित युवक इंटर पास है और पांच महीने पहले ही फ्लैट किराए पर लिया था।