तेज रफ्तार कार की टक्कर से छात्र की मौत, इकलौते बेटे के निधन से ख्ंदौली में परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
आगरा-जलेसर मार्ग पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से 17 वर्षीय छात्र हर्षित की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजक ...और पढ़ें

इंसेट में मृतक छात्र हर्षित का फोटो।
संवाद सूत्र, खंदौली (आगरा)। आगरा-जलेसर मार्ग पर गुरुवार शाम तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में 17 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर कार की तलाश शुरू कर दी है।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। थाना क्षेत्र के ग्राम पुरा लोधी निवासी सूरजभान सिंह का 17 वर्षीय पुत्र हर्षित एसएम पब्लिक स्कूल, नाई की सराय में कक्षा सात का छात्र था। गुरुवार शाम करीब चार बजे वह अपने एक साथी के साथ बाइक से टेड़ी बगिया से घर लौट रहा था।
जैसे ही उनकी बाइक आगरा-जलेसर मार्ग स्थित नगला नहरा के पास पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हर्षित गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। उसी दौरान गांव निवासी नेत्रपाल वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने अन्य राहगीरों की मदद से घायल छात्र को तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पिता और अन्य स्वजन गहरे सदमे में हैं। पूरे गांव में भी शोक का माहौल है। सूचना पर थाना खंदौली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
खबरें और भी
घर का बुझ गया चिराग
हर्षित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी असमय मौत से परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। ग्रामीणों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार एवं चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।