विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा वालों के लिए अच्छी खबर, फिर शुरू हो सकती हैं अहमदाबाद और हैदराबाद के लिए फ्लाइट्स

By Amit Dixit Edited By: Prateek Gupta
Published: Sat, 05 Sep 2026 09:59 AM (IST)

आगरा के खेरिया एयरपोर्ट को विंटर शेड्यूल में अहमदाबाद और हैदराबाद के लिए फिर से उड़ानें मिल सकती हैं। इंडिगो ...और पढ़ें

इंडिगो एयरलाइंस।

इंडिगो एयरलाइंस।

जागरण संवाददाता, आगरा। खेरिया एयरपोर्ट को विंटर शेड्यूल में फिर से अहमदाबाद और हैदराबाद फ्लाइट मिल सकती हैं। दोनों फ्लाइट के संचालन का प्रस्ताव बनाकर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को भेज दिया गया है। एयरपोर्ट प्रशासन भी इन दोनों फ्लाइट के संचालन पर सहमति जता चुका है।

अहमदाबाद फ्लाइट इसी साल 29 मार्च और हैदराबाद 16 जून को बंद हुई थी। हैदराबाद फ्लाइट को जेवर एयरपोर्ट के लिए शिफ्ट किया गया था जहां पर यह फ्लाइट सफल नहीं हो सकी। इंडिगो कंपनी को इस फ्लाइट को बंद करना पड़ा था। वहीं बेंगलुरु फ्लाइट को 100 प्रतिशत और नवी मुंबई को 90 प्रतिशत यात्री मिल रहे हैं

बेंगलुरु फ्लाइट में यात्रियों की संख्या को देखते हुए दो माह पूर्व इंडिगो कंपनी ने 216 सीट विमान का प्रयोग शुरू किया है। इससे पूर्व 186 सीटर विमान का प्रयोग किया जा रहा था।

खेरिया एयरपोर्ट में विंटर शेड्यूल अक्टूबर के आखिरी रविवार से लेकर मार्च 2027 के आखिरी शनिवार तक लागू रहेगा। पिछले विंटर शेड्यूल में चार फ्लाइट का संचालन एयरपोर्ट से हो रहा था। इसमें बेंगलुरु, मुंबई, हैदराबाद और अहमदाबाद फ्लाइट शामिल थीं। यह सभी फ्लाइट इंडिगो कंपनी की हैं।

समर शेड्यूल शुरू होने से पूर्व भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने 29 मार्च को अहमदाबाद फ्लाइट को बंद करने के आदेश दिए थे। अगर अहमदाबाद फ्लाइट की बात की जाए तो एक सीजन में औसत 85 प्रतिशत सीट फुल रहीं फिर तीन फ्लाइट का संचालन चलता रहा। जून के पहले सप्ताह में सबसे बड़ा झटका लगा

16 जून को हैदराबाद फ्लाइट को जेवर एयरपोर्ट शिफ्ट कर दिया गया। हैदराबाद फ्लाइट में औसत 80 प्रतिशत सीट फुल चल रही थीं। वर्तमान में बेंगलुरु और नवी मुंबई फ्लाइट चल रही हैं। दो माह पूर्व इंडिगो कंपनी को बेंगलुरु फ्लाइट के विमान में बदलाव करना पड़ा। अब ए-321 विमान का प्रयोग किया जा रहा है।

इसमें 216 यात्री एक बार में सफर कर सकते हैं। पूर्व में ए-320 का प्रयोग किया जा रहा था जिसमें 186 यात्री सफर कर सकते थे। नवी मुंबई फ्लाइट को 90 प्रतिशत और बेंगलुरु को 100 प्रतिशत यात्री मिल रहे हैं।

अब इंडिगो कंपनी विंटर शेड्यूल में अहमदाबाद और हैदराबाद फ्लाइट को शुरू करने का प्रस्ताव भेज चुकी है। अनुमति मिलते ही फ्लाइट की टाइमिंग जारी होगी।

- विंटर शेड्यूल इस माह तक जारी होगा। पुरानी दो फ्लाइट एयरपोर्ट को मिल सकती हैं। इससे यात्रियों की संख्या बढ़ने से इन्कार नहीं किया जा सकता है।

-

विवेक शर्मा, निदेशक खेरिया एयरपोर्ट