AI से फोटो बनाकर अश्लील कहानियों में लगाया, आगरा का युवक आया अवसाद में; पहुंचा पुलिस के पास
आगरा में एक युवक को एआई से बने उसके फोटो का इस्तेमाल कर अश्लील कहानियों के साथ सोशल मीडिया पर ब्लैकमेल किया जा रहा है। इससे वह अवसाद में है और उसने साइबर थाने में अज्ञात के खिलाफ मानहानि व आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कराया है।

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, आगरा। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफार्म पर आपत्तिजनक अश्लील कहानियों में युवक का एआइ से बना फोटो इस्तेमाल कर उसे ब्लैकमेल किया जा रहा है। पोस्ट उसके परिचित और रिश्तेदारों को भेजी जा रही हैं।
समाज में हो रही बदनामी के कारण युवक अवसाद में है। पीड़ित ने साइबर थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। मानहानि के साथ ही आत्महत्या के लिए उकसाने का भी आरोप लगाया है।
विजय नगर निवासी एक युवक ने साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने उसने अपील की है कि उसके नाम को गोपनीय रखा जाए।
दर्ज मुकदमे में युवक ने कहा है कि सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफार्म पर एआइ से बने उसके फोटो और वीडियो के साथ आपत्तिजनक कहानियों को पोस्ट किया जा रहा है। इससे वह अवसाद में है।
दो महीने से अलग-अलग जगहों पर वह शिकायत दर्ज करा चुका है, लेकिन कहीं से राहत नहीं मिली है। पोस्ट उनके रिश्तेदारों, मित्रों को भेजी जा रही हैं। फोटो प्रसारित करने वाले मैसेज भेजकर उसे ब्लैकमेल कर रहे हैं। उससे रुपये तक मांगे जा रहे हैं।
धमकाया जा रहा है कि रुपये नहीं दिए तो उसकी शादी नहीं होने देंगे। होने वाली पत्नी और रिश्तेदारों को ऐसी ही पोस्ट भेजकर शादी तुड़वा दी जाएगी। वृद्ध मां को भी आपत्तिजनक फोटो भेजे जा रहे हैं।
दोनों बहनों पर झूठे आरोप लगाकर उनका भी वैवाहिक जीवन तबाह करने का प्रयास किया जा रहा है। पीड़ित का कहना है कि समाज में हो रही बदनामी से वह अवसाद में हैं।
इंस्पेक्टर साइबर थाना रीता यादव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। दोषियों को जल्द ही चिह्नित करके गिरफ्तार किया जाएगा।
