Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Agra Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ के चलते आया मौसम में बदलाव, बूंदाबांदी से बढ़ी गलन; अब ये है अनुमान

    By Prateek GuptaEdited By: Prateek Gupta
    Updated: Thu, 01 Jan 2026 05:57 PM (IST)

    नए साल का पहला दिन आगरा में ठिठुरन भरा रहा। पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिनभर सूरज नहीं निकला और दोपहर बाद बूंदाबांदी से गलन बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार, ...और पढ़ें

    Agra Weather Forecast: आगरा में गुरुवार सुबह घना कोहरा छाया रहा।

    Agra Weather Forecast: आगरा में गुरुवार सुबह घना कोहरा छाया रहा।

    जागरण संवाददाता, आगरा। नए साल का पहला ही दिन ठिठुरन लेकर आया है। गुरुवार को दिनभर सूरज के दर्शन नहीं हुए। वहीं दोपहर बाद बूंदाबांदी शुरू हो जाने से गलन बढ़ गई है। मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ के चलते आगरा से लेकर मथुरा, पलवल और फरीदाबाद तक हल्की बारिश होगी। इसके साथ ही शुक्रवार को सुबह घना कोहरा छा सकता है। तापमान में भी गिरावट आएगी।

    आगरा में पश्चिमी विक्षोभ के चलते गुरुवार को मौसम में बदलाव देखने को मिला। सुबह कोहरा रहा और दिनभर बादल छाए रहे। धूप नहीं निकली। दोपहर 3 बजे के बाद बूंदाबांदी हुई। न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा। जो बुधवार के 7.4 डिग्री सेल्सियस से अधिक था। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए कोहरे का पूर्वानुमान जताया है।

     

    मथुरा में वर्षा से बढ़ी ठंड

    नए वर्ष का पहला दिन ठंडक भरा रहा। दिनभर सूर्यदेव नहीं निकले। धूप न निकलने से लोग ठिठुरते नजर आए। गलन से कंपकंपी छूटती रही। शहर एवं देहात क्षेत्र में दिन में बूंदाबांदी व वर्षा से ठंड के तेवर आक्रामक हो गए। बच्चे एवं बुजुर्ग रजाई में जा छिपे। ठंड से बचाव के लिए घरों एवं दुकानों पर अलाव व रूम हीटर जलते रहे। न्यूनतम तापमान नौ व अधिकतम 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

     

    फिरोजाबाद में भी बूंदाबांदी

    नववर्ष के पहले दिन मौसम का मिजाज खराब रहा। सुबह से घना कोहरा छाया रहा और दिनभर बादल छाए रहे। धूप न निकलने से लोगों ठंड से कंपकंपी छूटती रही। दोपहर तीन बजे के बाद बूंदाबांदी शुरू हो गई। न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए कोहरे का पूर्वानुमान जताया है।

    खबरें और भी

     

    एटा में छाया घना कोहरा

    गुरुवार को कड़ाके की ठंड रही और कोहरा भी छाया रहा। सूर्यदेव ने दर्शन नहीं दिए। तापमान में निरंतर उतार-चढ़ाव बना हुआ है। न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि अधिकतम 17 डिग्री सेल्सियस रहा। ठंड से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। सुबह के समय वाहनों की रफ्तार पर भी ब्रेक लगता रहा।

     

    मैनपुरी में बढ़ी गलन

    मैनपुरी में गुरुवार को सुबह से घना कोहरा छाया रहा। पूरे दिन अत्यधिक कोहरे के कारण पूरे दिन सूर्य के दर्शन नहीं हुए। पछुवा हवा चलने के कारण दिन भर गलन रही। गुरुवार की सुबह कोहरे के कारण दृश्यता 10 मीटर की रही। अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दो बजे के बाद बादलों ने डेरा डाल लिया। मौसम विभाग के विज्ञानी नरेंद्र कुमार के अनुसार शुक्रवार को भी घना कोहरा छाया रहेगा।