आगरा मेट्रो: यमुना पुल के 7 पिलर बनकर तैयार, 200 करोड़ का मेट्रो पुल 4 महीने में होगा तैयार
यूपी मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने यमुना नदी पर मेट्रो पुल के सात पिलर पूरे कर लिए हैं, जिस पर जल्द ...और पढ़ें

आगरा मेट्रो की फाइल फोटो।
HighLights
यमुना नदी पर मेट्रो पुल के सात पिलर पूरे।
200 करोड़ का पुल चार माह में होगा तैयार।
हाईवे, एमजी रोड से हटेगी मेट्रो बैरिकेडिंग।
जागरण संवाददाता, आगरा। उप्र मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) की टीम ने यमुना नदी पर मेट्रो पुल के सात पिलर का कार्य पूरा कर लिया है। जल्द ही पिलर पर स्पान रखे जाएंगे। यह कार्य अगले माह से शुरू होगा। 200 करोड़ रुपये से बन रहा पुल चार माह में तैयार होगा।
टीम मेट्रो के दूसरे कॉरिडोर पर तेजी से कार्य कर रही है। वहीं नेशनल हाईवे-19, एमजी रोड, माल रोड, सुल्तानपुरा रोड से बैरिकेडिंग हटाने का सर्वे चल रहा है। शनिवार को टीम ने यह कार्य पांच घंटे तक किया।
200 करोड़ रुपये से बन रहा है मेट्रो पुल, चार माह में बनकर होगा तैयार
शहर में 2200 करोड़ रुपये से आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से कालिंदी विहार तक मेट्रो का दूसरा कॉरिडोर बन रहा है। यह कार्य मार्च 2027 तक पूरा होना है। यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण तीन माह पुल का निर्माण नहीं हुआ। यूपीएमआरसी की टीम ने मजदूरों की संख्या को 20 से बढ़कर 50 कर दिया। इससे सात पिलरों का निर्माण हो चुका है। अब पिलरों पर स्पान रखे जाएंगे फिर गर्डर रखे जाएंगे। यह कार्य दिसंबर तक पूरा होगा।
संयुक्त महाप्रबंधक जनसंपर्क पंचानन मिश्र ने बताया कि भगवान टाकीज चौराहा से कालिंदी विहार तक मेट्रो का कार्य चल रहा है। एमजी रोड, आइएसबीटी से सिकंदरा तक कई हिस्से में कार्य पूरा हो गया है।
यूपीएमआरसी की टीम ने की तैयारी, दूसरे कॉरिडोर पर तेजी से चल रहा कार्य
शनिवार को मेट्रो टीम ने सर्वे किया और किन-किन जगहों से बैरिकेडिंग हट सकती है। इसका निर्णय लिया जाएगा। बैरिकेडिंग हटने से पूर्व रोड की मरम्मत कराई जाएगी। संरक्षा के सभी इंतजाम किए जाएंगे। इसे लेकर दो से तीन दिनों में बैठक होने जा रही है।
