आगरा में चूल्हे पड़े ठंडे, 27 घंटे बाद भी नहीं लौटी PNG; चालू होने का बढ़ाया समय
ग्रीन गैस द्वारा मरम्मत के बाद बुधवार सुबह 11 बजे से पीएनजी आपूर्ति बहाल करने का दावा किया गया था, ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
ग्रीन गैस ने 11 बजे आपूर्ति बहाली का दावा किया था।
80 हजार कनेक्शन धारक प्रभावित, रसोई का बजट बिगड़ा।
जागरण संवाददाता, आगरा। Green Gas ने पाइपलाइन की मरम्मत के बाद बुधवार सुबह 11 बजे से पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की आपूर्ति बहाल करने का दावा किया गया था, लेकिन 24 घंटे बाद भी उपभोक्ताओं के घरों तक गैस नहीं पहुंची। सप्लाई शुरू होने के इंतजार में लोग परेशान होते रहे।
बुधवार सुबह 11 बजे का समय बीतने के बाद भी गैस नहीं मिली तो उपभोक्ताओं ने जानकारी के लिए संबंधित लोगों को फोन मिलाने शुरू कर दिए। इसके बावजूद उन्हें राहत नहीं मिली। कस्टमर केयर से बार-बार समय सीमा बढ़ाई जाती रही। खंदारी, दयालबाग, टीपी नगर के आसपास के क्षेत्रों में दिन में कई बार गैस का आना-जाना जारी रहा। सिकंदरा, आवास विकास कॉलोनी में तो पूरे दिन सप्लाई ठप रही। डिनर पर भी संकट है।
ग्रीन गैस के अधिकारियों ने रात आठ बजे बात करने पर बताया कि रात एक से दो बजे के बीच सप्लाई शुरू होने की संभावना जताई है। ऐसे में उपभोक्ताओं को गुरुवार सुबह तक भी इंतजार करना पड़ सकता है।
80 हजार कनेक्शन धारक प्रभावित
आगरा में ग्रीन गैस के कुल 80 हजार कनेक्शन हैं। इनमें से 70 हजार घरेलू और 10 हजार कमर्शियल कनेक्शन हैं। सभी जगह मंगलवार शाम पांच बजे से आपूर्ति प्रभावित है। बुधवार रात आठ बजे तक सप्लाई प्रभावित रहने से लोगों की दिनचर्या पर असर पड़ा है। पीएनजी की आपूर्ति ठप रहने से लोगों की रसोई का बजट और दिनचर्या दोनों बिगड़ गए।
घरों में सुबह का नाश्ता और दोपहर व रात का खाना बनाने में परेशानी हुई। जिन घरों में वैकल्पिक व्यवस्था नहीं थी, वहां लोगों को बाहर से खाना मंगाना पड़ा। कई लोग होटल और रेस्टोरेंट पहुंचे तो कुछ ने ऑनलाइन आर्डर देकर भोजन की व्यवस्था की। वहीं, कुछ परिवारों ने आनन-फानन में एलपीजी सिलेंडर का इंतजाम किया। जिनके पास इंडक्शन उपलब्ध था, उन्होंने उससे काम चलाया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।