यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 12, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Agra: नौ महीने बाद खुला हत्या का राज; थप्पड़ का बदला लेने के लिए घाेंट दिया गला, जहां की पार्टी, वहीं 24 घंटे रखी लाश, फिर...
नौ माह बाद पुलिस ने हत्यारोपित पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर नाले से कंकाल बरामद कर लिया। स्वजन हत्या के पीछे अवैध संबंध की कहानी बता रह ...और पढ़ें

HighLights
- चालक की हत्या कर नाले में दफनाया शव
- आरोपितों ने गला घोंटकर की थी हत्या
जागरण संवाददाता, आगरा। हाथरस की साकेत कालोनी से लापता ट्रक चालक की उनके पड़ोसी पिता-पुत्र ने ही हत्या कर दी थी। टेढ़ी बगिया क्षेत्र में नाले में शव दफनाने के बाद आरोपित बेखौफ रह रहे थे।
हाथरस की साकेत कालोनी के रहने वाले अजय पाठक ट्रक चलाते थे। पड़ोसी सुशील उनके साथ ट्रक पर हेल्पर था। 16 जुलाई 2023 को घर से निकलने के बाद अजय वापस नहीं पहुंचे। उनके पास दो मोबाइल थे, दोनों स्विच आफ थे। स्वजन ने तलाश की, लेकिन उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। तब भाई विजय पाठक ने पांच सितंबर 2023 को थाना हाथरस गेट में गुमशुदगी लिखा दी।
पुलिस के साथ अजय की तलाश में लगे थे
विजय ने बताया कि वे पुलिस के साथ अजय की तलाश में लगे थे। उनका शक कालोनी में रहने वाले सुशील और उनके बेटे पर था। उन्होंने अपने स्तर से उनसे जानकारी करने का प्रयास किया, लेकिन सुशील ने कुछ नहीं बताया। सुशील इस्लाम नगर टेढ़ी बगिया में केजीएन ट्रेडर्स फैक्ट्री में काम कर रहा था। फैक्ट्री में लेदर के सोल बनाने का काम होता था।
विजय ने फैक्ट्री में आकर भी जानकारी की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। पुलिस को जानकारी मिली कि एक अगस्त 2023 को अजय के मोबाइल में सुशील के बेटे विष्णु की सिम डाली गई थी। इसके बाद मोबाइल और वह सिम भी बंद है।
शनिवार को पुलिस ने शक के आधार पर सुशील और उसके बेटे विष्णु को पकड़ लिया। दोनों से सख्ती से पूछताछ की तो मामला खुल गया। उन्होंने बताया कि अजय ने कई बार सुशील से मारपीट कर दी थी। इससे भी वह और उसका बेटा रंजिश मानता था। वह साथ में काम करने के बहाने अजय को बुलाकर आगरा ले आया।
खबरें और भी
24 घंटे तक छत पर बने कमरे में ही रखी लाश
30 जुलाई की रात को छत पर पार्टी चल रही थी। इसमें विवाद हो गया। इसके बाद आरोपितों ने फैक्ट्री की छत पर ही गमछे से गला घोंटकर अजय की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को 24 घंटे तक उन्होंने छत पर बने कमरे में ही रखा। गांव से दो और लोगों को बुलाया। इसके बाद फैक्ट्री की छत से ही रस्सी से बांधकर शव पीछे सूखे नाले में पटक दिया। इसके बाद आरोपितों ने शव को सूखे नाले में ही दफन कर दिया।
नाले से मिला कंकाल
शनिवार को आरोपितों की निशानदेही पर नाले में खोदाई की गई तो कंकाल निकला। कपड़ों से विजय ने अपने भाई अजय की शिनाख्त की। विजय का कहना है कि अजय के सुशील के परिवार की महिला से अवैध संबंध थे। हत्या का कारण यही है।
एसओ ट्रांस यमुना सुमनेश विकल ने बताया कि हत्या का मुकदमा हाथरस गेट थाने में ही लिखा जाएगा। कंकाल बरामद कर लिया गया है। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। कंकाल से अजय के स्वजन का डीएनए मिलान भी कराया जाएगा।
हत्या वाले दिन ही हुआ था हिसाब
फैक्ट्री मालिक ने पुलिस को बताया कि अजय ने कुछ दिन तक फैक्ट्री में काम किया था। इसके बाद उसने हिसाब करने को कहा। 30 जुलाई को फैक्ट्री मालिक ने उसका हिसाब कर दिया था। इसके बाद ही आरोपितों ने हत्या कर दी। फैक्ट्री मालिक को इसीलिए शक नहीं हुआ।