धनतेरस पर आगरा के बाजारों में कड़ी सुरक्षा, ड्रोन से नजर रखेगी पुलिस; 2500 जवान तैनात
आगरा में धनतेरस पर बाजारों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जिसमें 2500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात हैं ...और पढ़ें

धनतेरस पर बाजार में गश्त को निकली पुलिस टीम।
जागरण संवाददाता, आगरा। पंच दिवसीय दीपोत्सव के पहले दिन शुक्रवार को धनतेरस पर बाजारों में देर रात तक भीड़ रहेगी। सिटी जोन में ढाई हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। शाम छह से रात एक बजे तक पुलिस सड़कों पर रहेगी। प्रमुख बाजारों में ड्रोन कैमरों से नजर रखी जाएगी। जाम से निपटने के लिए यातायात पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) तैनात रहेंगी।
एमजी रोड, किनारी बाजार समेत शहर के प्रमुख सराफा बाजाराें को हाई सिक्योरिटी जाेन में रखा गया है। इन बाजारों में सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने बताया कि पंच दिवसीय दीपोत्सव पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
अपर पुलिस आयुक्त सचिंद्र पटेल द्वारा तीनों जोन के डीसीपी के साथ बैठक करके बाजाराें की सुरक्षा के साथ ही जाम की स्थिति पैदा न हो, इसकी पूरी योजना बनाई गई है। सिटी जोन में रात एक बजे तक पुलिस सतर्क रहेगी। नो एंट्री भी देर से खुलेगी। एमजी रोड पर स्पीड कलर लैब से दीवानी चौराहे तक 75 से अधिक पुलिसकर्मियो की ड्यूटी लगाई गई है।
पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया है कि चेकिंग के दौरान सिर्फ तीन सवारी एवं युवाओं को रोका जाए। बिना नंबर की गाड़ियों को सीज किया जाएगा। पुराने शहर में जौहरी बाजार, किनारी बाजार, फव्वारा, कसेरट बाजार, नमक की मंडी, सिंधी बाजार, बेलनगंज, सदर बाजार, नौलक्खा, शाहगंज बाजार, रूई की मंडी, भोगीपुरा, सिकंदरा, शास्त्रीपुरम, पश्चिमपुरी, कमला नगर, न्यू आगरा समेत अन्य बाजारों में पुलिस रात एक बजे तक तैनात रहेगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जहां दोपहिया वाहन से जा सकते हैं, वहां कार लेकर नहीं जाएं। अपने वाहन को निर्धारित पार्किंग में खड़ा करें। जिससे कि जाम की स्थित पैदा न हो। पुलिस आयुक्त ने बताया कि डीसीपी से लेकर थाना प्रभारी तक सड़काें पर रहेंगे। पूर्व में जिन स्थानों पर लूट या छिनैती की घटनाएं हो चुकी हैं, उसे गूगल मैप से चिन्हित किया है।
पुलिस की अपील
- खरीदारी करते समय अपने पर्स, मोबाइल एवं बैग का ध्यान रखें।
- गाड़ी में मोबाइल, पर्स या जेवरात छोड़कर नहीं जाएं।
- किसी अपरिचित के कहने पर अपनी गाड़ी रास्ते में नहीं रोके, गाड़ी से उतरकर बाहर नहीं निकलें।
- खरीदारी करने जाएं तो घर पर ताला बंद नहीं करें, परिवार का कोई न कोई सदस्य घर पर रहे।
- बाजारों में भीड़ होगी, इसलिए धैर्य रखें, जल्दबाजी नहीं करें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।