सुसाइड करने जा रहा था युवक, पुलिस ने उलझाया बातों में, जान बचाई तो हुआ अहसास बोला...थैंक यू
आगरा में पत्नी से विवाद के बाद आत्महत्या करने जा रहे एक युवक को शमसाबाद पुलिस ने अपनी सूझबूझ से बचाया। पुलिस ने उसे बातों में उलझाकर लोकेशन ट्रैक की और आगरा कैंट से सकुशल बरामद कर परिवार को सौंपा।

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
पत्नी से विवाद के बाद युवक ने किया आत्महत्या का प्रयास।
शमसाबाद पुलिस ने 25 मिनट तक बातों में उलझाया।
संवाद सूत्र, शमसाबाद (आगरा)। पत्नी से विवाद के बाद सुसाइड करने जा रहे एक युवक को थाना क्षेत्र पुलिस की सूझबूझ ने करीब 25 मिनट तक बातों में उलझाए रखा। लोकेशन ट्रेक होते ही सकुशल बरामद कर लिया।
थाना क्षेत्र के गांव नवादा खेड़ा निवासी युवक उम्र करीब 28 वर्ष का गुरुवार को अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था।
कहासुनी से क्षुब्ध होकर युवक ने आत्मघाती कदम उठाने का फैसला किया और आत्महत्या के इरादे से आगरा कैंट रेलवे स्टेशन की ओर निकल गया। स्वजन ने शमसाबाद पुलिस को सूचना देकर मदद की गुहार लगाई।
युवक रोया तो दारोगा ने हौसला बढ़ाया
मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर सुरेन्द्र राव ने थाना शमसाबाद में तैनात उप निरीक्षक जैकब फर्नांडीज से वार्ता की। सब इंस्पेक्टर उस समय विभाग के कार्य से आगरा ही थे। उन्होंने युवक के स्वजन से मोबाइल नंबर लेकर उसे कॉल किया। युवक ने कॉल रिसीव कर लिया।
युवक काफी परेशान था और रो रहा था। लेकिन उप निरीक्षक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए युवक को करीब 25 मिनट तक अपनी बातों में उलझाए रखा। दूसरी तरफ युवक की लोकेशन ट्रैक की जा रही थी। लोकेशन आगरा कैंट की मिली। पुलिस टीम ने स्टेशन की ओर दौड़ लगा दी।
मासूम बच्चे और परिवार का दिया वास्ता
सटीक लोकेशन मिलते ही पुलिस की टीम ने समय रहते युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया। काउंसलिंग के दौरान पुलिस ने लगभग दो साल के वैवाहिक जीवन और छोटे बच्चे की जिम्मेदारी का अहसास कराया। युवक को सुरक्षित थाने लाकर स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया है।
इंस्पेक्टर सुरेंद्र राव ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक युवक सुसाइड करने जा रहा है। टीम ने युवक को सकुशल बरामद कर लिया है। स्वजन को सुपुर्द कर दिया है।
