यमुना एक्सप्रेसवे इंटरचेंज पर चावल से भरा ट्रक पलटा, चालक घायल; होटल की दीवार गिरने से बची
खंदौली, आगरा में यमुना एक्सप्रेसवे इंटरचेंज पर बुधवार दोपहर चावल से भरा एक ट्रक पलट गया। हरियाणा से धौलपुर जा रहा ट्रक सादाबाद कट पर अनियंत्रित हो गया ...और पढ़ें

यमुना एक्सप्रेसवे इंटरचेंज पर पलटा ट्रक।
संवाद सूत्र, खंदौली (आगरा)। थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे इंटरचेंज पर बुधवार की दोपहर तीन बजे करीब एक बड़ा हादसा टल गया, जब चावल से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
हरियाणा के करनाल से चावल लेकर ट्रक यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते धौलपुर जा रहा था। नोएडा की ओर से आते समय जैसे ही ट्रक सादाबाद कट पर उतरने लगा, चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और ट्रक पलट गया। गनीमत रही कि ट्रक सड़क किनारे स्थित एक होटल की दीवार से टकराने से पहले ही पलट गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
ट्रक चालक की पहचान इगलास थाना क्षेत्र के गांव नगला हीरा निवासी रामपाल सिंह पुत्र राजपाल के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही खंदौली थाना पुलिस, यमुना एक्सप्रेसवे की पेट्रोलिंग टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। घायल चालक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, क्रेन की मदद से पलटे ट्रक को हटवाकर यातायात सुचारू कराया गया।