विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एक शव का दो दिन में अंतिम संस्कार, बारिश ने बुझा दी पहली बार में चिता; बदहाल है शमशाबाद का श्मशान घाट

By Ajay Pal Singh Edited By: Prateek Gupta
Updated: Thu, 09 Jul 2026 09:01 PM (GMT+05:30)

शमसाबाद के धिमिश्री गांव में श्मशान घाट पर टिन शेड न होने के कारण बारिश में एक महिला का अंतिम संस्कार दो दिन में संपन्न हो सका। इस घटना ने स्थानीय प्रशासन की लापरवाही उजागर की है और सुविधाओं की कमी पर सवाल उठाए हैं।

शमशाबाद में महिला का दूसरे दिन गुरुवार को बारिश रुकने पर फिर से अंतिम संस्कार करते लोग।

शमशाबाद में महिला का दूसरे दिन गुरुवार को बारिश रुकने पर फिर से अंतिम संस्कार करते लोग।

HighLights

  1. बारिश से चिता अधजली, महिला का अंतिम संस्कार दो दिन में।

  2. धिमिश्री श्मशान घाट पर टिन शेड व सुविधाओं की कमी।

संवाद सूत्र, शमसाबाद (आगरा)। गांव-गांव में इंटरनेट और मोबाइल पहुंच चुके हैं। उस दौर में बड़ी आबादी के सामने आज भी यह विडंबना है कि शमशान घाट पर टिन शेड तक नहीं। इसके चलते मजबूरी में एक महिला का अंतिम संस्कार दो दिन में पूरा हो पाया। पहले दिन बुधवार बारिश के चलते चिता की आग बुझ गई थी। गुरुवार को अंतिम संस्कार दुबारा कराया गया।

धिमिश्री में श्मशान घाटों पर सुविधाओं की कमी के कारण बारिश के मौसम में एक महिला का अंतिम संस्कार दो दिन में दो बार करना पड़ा। बुधवार को बारिश के चलते चिता पूरी तरह नहीं जल पाई, जिसके बाद स्वजन ने गुरुवार को सुबह दोबारा अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कराई।

बुधवार को गांव निवासी मनोज मुखिया चक की पत्नी वीनू का निधन हो गया था। स्वजन, रिश्तेदार, ग्रामीण शव को अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले गए, लेकिन लगातार बारिश के कारण उन्हें काफी देर इंतजार करना पड़ा। किसी तरह चिता को अग्नि दी गई। कुछ समय बाद सभी अपने अपने घर वापिस चले गए। पुनः बारिश के चलते चिता अधजली रह गई

गुरुवार सुबह मृतका के स्वजन श्मशान घाट पहुंचे, तो उन्हें चिता को अधजली मिली। इसके बाद पुनः लकड़ी और कंडों की व्यवस्था कर दोबारा अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई। इस मामले की जानकारी मिलने पर किसान नेता रामनिवास रघुवंशी श्मशान घाट पहुंचे। उन्होंने मौके का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए तहसील फतेहाबाद प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया।

उन्होंने बताया कि वे धिमिश्री के श्मशान घाटों पर टिनशेड और अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर पिछले एक वर्ष से लगातार अधिकारियों से समस्या के समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं।

मांग की है कि धिमिश्री के श्मशान घाटों पर जल्द से जल्द टिनशेड और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि भविष्य में बरसात के दौरान किसी भी परिवार को ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े।

करीब 15 हजार से अधिक है आबादी

ब्लॉक फतेहाबाद के अंतर्गत आने वाली धिमिश्री ग्राम पंचायत की आबादी करीब 15 हजार से अधिक हैं। राम निवास रघुवंशी के अनुसार ग्राम पंचायत में तीन श्मशान घाट हैं। हालांकि, इनमें से किसी भी घाट पर टिनशेड या बारिश से बचाव के लिए कोई आवश्यक व्यवस्था नहीं है।