आगरा में किशोरी की हादसे में मौत, परिवार के लोग पैनल पोस्टमार्टम पर अड़े
आगरा में 28 अगस्त को कार की टक्कर से घायल हुई 16 वर्षीय प्राची की सोमवार रात एसएन मेडिकल कॉलेज ...और पढ़ें

पैनल पोस्टमार्टम की मांग करते परिवार के लोग।
जागरण संवाददाता, आगरा। जीवनी मंडी रोड पर कार की टक्कर से 28 अगस्त की शाम को घायल 16 वर्ष की प्राची की सोमवार की रात दो बजे एसएन मेडिकल कालेज की इमरजेंसी में मृत्यु हो गई। पोस्टमार्टम गृह पर जुटे किशोरी के स्वजन डाक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराने की मांग कर रहे हैं।
पुलिस द्वारा पैनल से पोस्टमार्टम कराने के आश्वासन पर शांत हुए स्वजन। हादसे के बाद किशोरी को अज्ञात के रूप में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एक सितंबर को हरीपर्वत के लंगड़े की चौकी क्षेत्र निवासी प्राची के रूप में पहचान हुई थी।
छत्ता पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से किशोरी के घर तक पहुंची थी। मामले में पुलिस ने कार चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था। उसे जमानत दे दी थी। स्वजन कार चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
थाना छत्ता क्षेत्र में वाटर वर्क्स-जीवनी मंडी रोड पर 28 अगस्त की शाम को होंडा सिटी कार की टक्कर से 16 वर्ष की किशोरी गंभीर घायल हो गई थी। उसे कार चालक द्वारा कमला नगर स्थित एक अस्पताल मे उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। किशोरी की पहचान नहीं हुई थी।
छत्ता पुलिस एक सितंबर को सीसीटीवी कैमरों की मदद से किशोरी के घर लंगड़े की चाैकी तक पहुंची। स्वजन को किशोरी के हादसे में घायल होने की जानकारी दी। लंगड़े की चौकी निवासी किशोरी प्राची के स्वजन ने बताया कि वह उसे 28 अगस्त की शाम से तलाश रहे थे।
हरीपर्वत पुलिस को बेटी के गायब होने की सूचना दी थी। इधर, किशोरी की हालत गंभीर देख अस्पताल ने उसे एसएन मेडिकल कालेज की इमरजेसी के लिए रेफर कर दिया। जहां सोमवार की रात दो बजे किशोरी की उपचार के दौरान मौत हो गई। रविवार सुबह स्वजन के साथ बस्ती के लोग भी पोस्टमार्टम गृह पर जुट गए।
उन्होंने किशोरी का पोस्टमार्टम कराने डाक्टरों के पैनल से कराने और कार चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस के समझाने और पैनल से पोस्टमार्टम कराने की कहने पर स्वजन शांत हुए। डीसीपी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि किशोरी का डाक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
