आगरा में ट्राॅली बैग में मिले थे मानव अंग, मणिपुर से दंपती गिरफ्तार; पूछताछ में खुलेंगे हत्या के राज
आगरा कैंट स्टेशन पर तमिलनाडु एक्सप्रेस में महिला के शव के टुकड़े मिलने के मामले में चेन्नई पुलिस ने मणिपुर ...और पढ़ें

आगरा कैंट स्टेशन पर रखा ट्रॉली बैग। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, आगरा। कैंट रेलवे स्टेशन पर तमिलनाडु एक्सप्रेस के जनरल कोच में ट्राॅली बैग से महिला के शव के टुकड़े मिलने के मामले में चेन्नई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्याकांड के आरोपित माणिकउद्दीन लश्कर और भगवती माझी को पुलिस ने मणिपुर से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस हत्या की वजह और शव को ट्रेन तक पहुंचाने की पूरी कहानी जानने में जुटी है। तमिलनाडु एक्सप्रेस के जनरल कोच से पांच अगस्त को लाल रंग का ट्राॅली बैग बरामद हुआ था। बैग में महिला के शव के टुकड़े मिलने के बाद आगरा जीआरपी ने जांच शुरू की।
मृतका की पहचान ओडिशा के जगत सिंह पुर निवासी 38 वर्षीय हयातुन निशा के रूप में हुई। जांच आगे बढ़ने पर हत्याकांड के तार चेन्नई के गुडुवांचेरी से जुड़े। चेन्नई पुलिस ने जांच के दौरान चेन्नई रेलवे स्टेशन समेत विभिन्न स्थानों के करीब 350 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
चेन्नई सेंट्रल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार की फुटेज में एक युवक और युवती ट्राॅली बैग लेकर जाते दिखाई दिए थे। इसी सुराग के आधार पर पुलिस गुडुवांचेरी स्थित उस मकान तक पहुंची, जहां मृत महिला के रहने और आरोपितों से संपर्क के बारे में जानकारी मिली।
जांच में सामने आया कि महिला की हत्या चेन्नई में की गई थी। हत्या के बाद शव के कई टुकड़े किए गए। इनमें से कुछ हिस्सों को ट्राॅली बैग में रखकर तमिलनाडु एक्सप्रेस के जरिए आगरा भेज दिया गया, जबकि अन्य अवशेषों को अलग-अलग तरीके से ठिकाने लगाने का प्रयास किया गया।
पुलिस ने गुडुवांचेरी स्थित मकान से भी शव के अवशेष बरामद किए थे। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी संबंधों और पैसों के लेनदेन से जुड़े विवाद का एंगल सामने आया है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या की योजना कब बनाई गई।
वारदात में दोनों की क्या भूमिका थी और शव को आगरा भेजने का निर्णय किसने लिया था। दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद हत्याकांड की वजह और पूरी साजिश का खुलासा होने की उम्मीद है।
