आगरा में भीषण गर्मी: 42.9 डिग्री सेल्सियस तापमान, मानसून से राहत की उम्मीद
आगरा में सोमवार को अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे यह प्रदेश का सबसे गर्म और देश का छठा सबसे गर्म शहर बन गया। शाम को कुछ इलाकों में तेज ...और पढ़ें

गर्मी से बचाव के लिए दुपट्टा का प्रयोग करतीं युवतियां। जागरण
HighLights
आगरा में अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश में सबसे गर्म और देश में छठे स्थान पर रहा।
कालिंदी विहार, खंदौली में वर्षा, मंगलवार से मानसून की उम्मीद।
जागरण संवाददाता, आगरा। शहर में सोमवार को मौसम के अलग-अलग रूप देखने को मिले। सुबह से शाम तक सूरज ने तपाया। घर से बाहर निकलने पर त्वचा झुलस गई।उमस अधिक रहने से पसीना बहता रहा। प्रदेश में आगरा सबसे गर्म और देश में छठे स्थान पर रहा। शाम को तेज हवा चली और बादल घिर आए।
यमुना पार कालिंदी विहार और खंदौली क्षेत्र में झमाझम वर्षा हुई। शहर के अन्य क्षेत्रों में एक बूंद नहीं पड़ी। मौसम विभाग ने मंगलवार से शहर में वर्षा का दौर शुरू होने का पूर्वानुमान जताया है।
शाम को चली तेज हवा, शहर के कुछ क्षेत्रों में हुई वर्षा
शहर में सोमवार को सुबह से धूप निकली। सुबह 10 बजे ही तेज धूप आंखों को चुभने लगी थी। सुबह 11 से शाम चार बजे तक सबसे अधिक गर्मी रही। घर से बाहर धूप में निकलने पर त्वचा झुलस गई। उमस अधिक होने से बेचैनी की समस्या हुई। पैदल चलने या शारीरिक श्रम करने पर शहरवासी पसीना-पसीना हो उठे। उमस में कूलर व पंखे दम तोड़ गए। केवल एयरकंडीशन में ही राहत मिली।
शाम छह बजे के करीब मौसम में बदलाव आया। काले बादल घिर आए और तेज हवा चलने लगी। शाम 6:30 बजे के करीब कालिंदी विहार, खंदौली आदि क्षेत्रों में वर्षा हुई, जिससे गर्मी से कुछ हद तक लोगों को राहत मिली।
42.9 डिग्री सेल्सियस रहा शहर में अधिकतम तापमान
अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस रहा। सामान्य से अधिकतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस रहा। रविवार को अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्रीी सेल्सियस रहा था।
खबरें और भी
देश के गर्म शहरों की स्थिति, शहर, अधिकतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
- 1, श्रीगंगानगर, 45.1
- 2, फलौदी, 43.6
- 3, रोहतक, 43.5
- 4, दिल्ली-रिज, 43.4
- 5, हिसार, 43.3
- 6, आगरा, 42.9
मौसम विज्ञानी मो. दानिश ने बताया कि मानसून के आने से पहले मौसमी सक्रियता बढ़ गई है। प्रदेश में मंगलवार या बुधवार को मानसून दस्तक दे सकता है। इससे तापमान में गिरावट आएगी।