बंगाल चुनाव के बाद यूपी विधानसभा के लिए मायावती की बदली रणनीति: आकाश आनंद करेंगे आगरा में सभाएं, हर दिन दो बैठकें
बसपा ने 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव के लिए बूथ स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है, जिसमें हर विधानसभा में प्रतिदिन दो बैठकें हो रही हैं। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, आगरा। पश्चिम बंगाल विधानसभा में जिस तरह जमीनी स्तर पर काम करने से भाजपा ने जीत दर्ज की है, उसी तरह से बसपा ने उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के लिए बूथ स्तर पर काम शुरू कर दिया है। हर विधानसभा में सेक्टर स्तर पर हर रोज दो बैठकें आयोजित की जा रही हैं। बसपा में युवाओं की भागेदारी बढ़ाने के लिए स्थानीय स्तर से राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद की सभा आयोजित करने की मांग की गई है।
बसपा पदाधिकारी सेक्टर स्तर पर हर रोज कर रहे दो बैठकें
बसपा ने पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरलम के विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी उतारे थे लेकिन बसपा का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। ऐसे में अब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए बसपा ने तैयारी शुरू कर दी है। स्थानीय पदाधिकारियों को बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई है, बसपा ने 2007 और 2012 में नौ में से छह विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की थी। मगर, इसके बाद बसपा का खाता नहीं खुला है।
पश्चिम बंगाल के नतीजों को देखते हुए बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने का लक्ष्य
पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत के पीछे बूथ स्तर पर किए गए कार्य को माना जा रहा है ऐसे में बसपा ने भी उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के लिए बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने का लक्ष्य दिया गया है। हर विधानसभा क्षेत्र में बसपा के 40 से 42 सेक्टर हैं, इन सेक्टर में हर रोज दो दो बैठकें आयोजित की जा रही हैं और पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत करने और बसपा सरकार के दौरान किए गए कार्यों को पार्टी के समर्थकों तक पहुंचाने की रणनीति बनाई जा रही है।
2024 के लोकसभा चुनाव में आकाश आनंद ने चक्कीपाट में सभा की थी
उधर, पार्टी से ज्यादा से ज्यादा युवा कार्यकर्ताओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए बसपा के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद की सभा कराने की मांग की गई है। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में आकाश आनंद ने चक्कीपाट में सभा की थी, उस दौरान बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता सभा में शामिल हुए थे।
खबरें और भी
बसपा जिलाध्यक्ष मनीष कमल ने बताया कि विधानसभा चुनाव की तैयारी में कार्यकर्ता जुट गए हैं। सेक्टर स्तर पर हर रोज दो दो बैठक की जा रही हैं। राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद की सभा आयोजित करने की मांग की गई है।
टिकट के लिए ब्राह्मण दावेदारों को दी जा रही प्राथमिकता
विधानसभा चुनाव में बसपा ब्राह्मण कार्ड खेलने जा रही है। नौ सीटों में से चार सीटों पर ब्राह्मण प्रत्याशी उतारे जा सकते हैं। बसपा पदाधिकारी हर विधानसभा से दो से तीन मजबूत ब्राह्मण दावेदारों की सूची तैयार कर रहे हैं। पूर्व में पार्टी में रहे नेताओं से भी संपर्क किया जा रहा है।