विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 19, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सपा सांसद के घर सुरक्षा बढ़ाई, रामजीलाल सुमन के आवास पर हमले के बाद आज आगरा आएंगे अखिलेश यादव

Published: Sat, 19 Apr 2025 08:03 AM (IST)

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शनिवार को आगरा पहुंच रहे हैं। उनके आगमन से पहले सुरक्षा के पुख्ता ...और पढ़ें

संजय प्लेस एचआइजी फ्लैट्स स्थित सपा राज्यसभा सदस्य रामजीलाल सुमन के आवास पर लगी मेटल डिटेक्टर मशीन। जागरण
संजय प्लेस एचआइजी फ्लैट्स स्थित सपा राज्यसभा सदस्य रामजीलाल सुमन के आवास पर लगी मेटल डिटेक्टर मशीन। जागरण

HighLights

  1. सुमन के आवास पर 200 कार्यकर्ताओं से मिलेंगे सपा मुखिया अखिलेश
  2. आवास के बाहर लगाया गया टेंट पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की सूची हो रही तैयार
  3. पीडीए को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को देंगे निर्देश

जागरण संवाददाता, आगरा। सपा के राज्यसभा सदस्य रामजीलाल सुमन के राणा सांगा पर की गई टिप्पणी से मचे बवाल के बीच पहली बार राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शनिवार को आ रहे हैं। वे एचआईजी फ्लैट, संजय प्लेस स्थित आवास पर सुमन से मुलाकात करेंगे, इसके साथ ही कार्यकर्ताओं से भी मिलेंगे। करीब 200 कार्यकर्ताओं के सुमन के आवास के बाहर बैठने के लिए टेंट लगवाया गया है। पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक (पीडीए) को मजबूत करने और 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे।

राज्यसभा में 21 मार्च को राज्यसभा सदस्य रामजीलाल सुमन ने राणा सांगा पर टिप्पणी की थी, इससे आक्रोशित क्षत्रिय करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने 26 मार्च को सुमन के एचआईजी फ्लैट स्थित आवास पर हमला बोल दिया था। उस समय सुमन दिल्ली में थे। 12 अप्रैल को गढ़ी रामी में राणा सांगा की जयंती पर रक्त स्वाभिमान महासम्मेलन आयोजित किया गया था। राणा सांगा पर की गई टिप्पणी के लिए सुमन के माफी मांगने और राज्यसभा सदस्यता निरस्त करने की मांग की थी।

सपा सांसद के घर लगाए गए बैरियर।

आज दोपहर में पहुंचेंगे आगरा

राणा सांगा को लेकर चल रही बयानबाजी और बवाल के बीच सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सुबह 11. 30 बजे सुमन से मिलने के लिए उनके आवास पर पहुंचेंगे। उनके स्वजनों से भी मिलेंगे और आगे की रणनीति पर भी चर्चा करेंगे। दोपहर 12. 30 बजे से पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ताओं से मिलेंगे, इसके लिए सुमन के आवास के बाहर टेंट लगाया गया है। 200 कुर्सी डाली गई हैं। सक्रिय कार्यकर्ताओं की सूची तैयार की जा रही है, स्थानीय कार्यकर्ताओं से राणा सांगा प्रकरण के बारे में जानकारी लेंगे।

पीडीए मजबूत करने के लिए मुलाकात

इसके राजनीतिक फायदे और नुकसान पर भी चर्चा करेंगे। साथ ही कार्यकर्ताओं में पीडीए को मजबूत करने के लिए जोश भरेंगे। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम पुलिस के साथ ही सपा पदाधिकारियों ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सुमन की सुरक्षा में निजी सिक्योरिटी गार्ड भी लगे हैं। सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का रास्ते में स्वागत करने पर भी सुरक्षा को देखते हुए निर्णय लिया जाएगा।

अखिलेश यादव और रामजीलाल सुमन पर मुकदमे का प्रार्थनापत्र निरस्त

राज्यसभा सदस्य रामजीलाल सुमन और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर राणा सांगा पर बयान देने को लेकर मुकदमे को प्रस्तुत प्रार्थनापत्र पर सिविल जज सीनियर डिवीजन के द्वारा सुनवाई की गई। न्यायालय ने वाद को पोषणीय न मानते हुए निरस्त कर दिया है। न्यायालय के अनुसार भारतीय संविधान के अनुच्छेद 105 के संसदीय विशेषाधिकार के कारण कार्यवाही नहीं की जा सकती है।

वादी ने दिया था प्रार्थनापत्र

वादी पक्ष ने मामले में जिला जज के समक्ष रिवीजन की अपील करने की बात कही है। वादी अधिवक्ता अजय प्रताप ने न्यायालय में प्रार्थनापत्र प्रस्तुत किया था। राज्यसभा सदस्य रामजी लाल सुमन द्वारा राणा सांगा पर दिए बयान पर भावनाएं आहत होने का आरोप लगाया था। रामजीलाल और अखिलेश यादव पर वाद दर्ज करने की अपील की गई थी। प्रकीर्ण वाद की पोषणीयता और न्यायालय के क्षेत्राधिकार को लेकर 10 अप्रैल को बहस की गई थी।

ये भी पढ़ेंः UP Weather: यूपी में बदला मौसम: मेरठ में आंधी-बरसात ने मचाई तबाही, कई जिलों में झमाझम बारिश का ऑरेंज अलर्ट

ये भी पढ़ेंः 'शरीयत से नहीं संविधान से चलेगा देश', भीमनगरी में CM Yogi ने कांग्रेस, सपा और TMC समेत विपक्ष पर साधा निशाना

न्यायालय ने इसलिए किया निरस्त

इसके बाद शुक्रवार को न्यायालय ने प्रार्थनापत्र को पोषणीय न मानते हुए निरस्त कर दिया। आदेश में न्यायालय ने कहा है कि वादी ने जिस तथ्य पर प्रार्थनापत्र दिया है, वह संसद में दिया बयान है। भारतीय संविधान के अनुच्छेद 105 के संसदीय विशेषाधिकार के कारण कार्यवाही नहीं की जा सकती है। वादी अधिवक्ता ने कहा कि उन्होंने अपने वाद पत्र में यह कहीं नहीं लिखा कि विपक्षी रामजीलाल सुमन ने यह बयान संसद में दिया।

सिविल केस में वाद की पोषणीयता वादपत्र में लिखे कथनों के आधार पर तय होती है। बिना रामजीलाल सुमन के लिखित जवाब के प्रार्थनापत्र निरस्त किया गया है। वादी पक्ष न्यायालय के आदेश के विरूद्ध जिला जज के न्यायालय में रिवीजन प्रस्तुत करेगा। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।