भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष का फोन हुआ हैक, गृह मंत्री से मांगी रकम; बिहार के साइबर शातिर की निकली करतूत
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश चंद्र शर्मा का व्हाट्सएप बिहार के मेहसी से हैक किया गया। साइबर ठग ने गृह मंत्री समेत कई लोगों से रुपये मांगे, जिसके बाद न ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, आगरा। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश चंद्र शर्मा के फोन का वाट्सएप बिहार के मेहसी से हैक किया गया था। साइबर ठग ने गृह मंत्री समेत कई लोगों से रुपये मांगे थे। भाजपा नेता ने गृह मंत्रालय के साथ ही साइबर सेल में शिकायत की थी। साइबर सेल की जांच के बाद न्यू आगरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
दिनेश शर्मा ने दर्ज मुकदमे में कहा है कि उनके मोबाइल पर एक जून को अज्ञात नंबर से फोन आया और प्रदेश अध्यक्ष द्वारा पार्सल भेजने की बात कही। पार्सल लेने को उक्त फोन नंबर पर बात करने को कहा। नंबर पर फोन करते ही वाट्सएप हैक हो गया। गृह मंत्री सहित उनके फोन में मौजूद नंबरों पर मैसेज भेजकर रुपये की मांग की गई।
आगरा के पूर्व महानगर अध्यक्ष शिव शंकर शर्मा ने 20 हजार रुपये हैकरों द्वारा दिए एकाउंट में डाल भी दिए। कुछ परिचितों ने फोन करके उन्हें सूचना दी, तब उन्हें इस संबंध में जानकारी हुई। प्रदेश उपाध्यक्ष ने गृह मंत्रालय को सूचना देने के साथ ही साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई थी।
साइबर सेल ने मामले की जांच की। जांच में मोबाइल नंबर बिहार के मेहसी क्षेत्र का पाया गया है। आशंका जताई जा रही है कि यहीं से वाट्सएप को हैक किया गया है। थानाध्यक्ष न्यू आगरा निशामक त्यागी ने बताया तहरीर के आधार पर मोबाइल नंबर सहित अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में जांच की जा रही है।