अर्णब ने बदला आगरा का मौसम, सुबह से छाए हैं बादल और रिमझिम; ठंडी हवा छुड़ा रही कंपकंपी
आंध्र प्रदेश और ओडिशा में सक्रिय चक्रवात अर्णब के कारण आगरा का मौसम बदल गया है, गुरुवार के बाद शुक्रवार ...और पढ़ें
-1793332821457_m.webp)
आगरा में शुक्रवार सुबह से बादल छाए हैं।
जागरण संवाददाता, आगरा। आंध्र प्रदेश और ओडिशा में सक्रिय चक्रवात अर्णब का असर गुरुवार से शहर में देखने को मिल रहा है। सुबह से बादल छाए रहे और सूरज ने दर्शन नहीं दिए। शाम को शहर में बूंदाबांदी हुई। अधिकतम तापमान में गिरावट और न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। शुक्रवार को भी सुबह से हल्के बादल छाए हैं और रिमझिम हो रही है। हवा की ठंडक कंपकंपी छुड़ा रही है।
आंध्र प्रदेश और ओडिशा में चक्रवात अर्णब बुधवार को सक्रिय हुआ था। मौसम विज्ञान विभाग ने शहर में गुरुवार से इसका असर नजर आने का पूर्वानुमान जताया था। बादल छाए रहने, तेज हवा चलने और गरज के साथ बाैछार पड़ने का आसार जताया गया था। अर्णब के असर के चलते शहर में दूसरे दिन शुक्रवार को भी सुबह से बादल छाए हैं। गुरुवार रात बूंदाबांदी से हवा में ठंडक बढ़ गई है।
इससे पहले गुरुवार को भी सुबह से बादल छाए रहे। दिनभर धूप नहीं निकलने से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शाम चार बजे के करीब शहर में हवा के साथ बूंदाबांदी हुई। इसके बाद भी बादल छाए रहे। अधिकतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
सामान्य से अधिकतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस कम और न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। बुधवार को अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस रहा था। शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। बीते 24 घंटे में 0.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुइ है।
मौसम विज्ञानी मो. दानिश ने बताया कि शुक्रवार को बादल छाए रहने के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। शनिवार से आसमान साफ रहेगा और धूप निकलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।