दीप्ति शर्मा का एशियाई खेलों में जलवा, आगरा की बेटी ने गेंदबाजी से दिलाया स्वर्ण पदक
आगरा की दीप्ति शर्मा ने एशियाई खेल 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए स्वर्ण पदक जीता, फाइनल में ...और पढ़ें

आगरा की रहने वालीं क्रिकेटर दीप्ति शर्मा।
HighLights
फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ 6 रन देकर 3 विकेट लिए।
वह महिला टी20 इंटरनेशनल में विश्व की सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज हैं।
सुमित द्विवेदी, आगरा। विश्व के बेहतरीन आलराउंडर के तौर पर जानी जाने वाली शहर की बेटी दीप्ति शर्मा ने एशियाई खेल में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम का अहम हिस्सा बनते हुए एक बार फिर गेंदबाजी का कमाल दिखाया है।
जापान के निश्शिन में मंगलवार को श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में भारत ने 147 रन से जीत दर्ज कर एशियाई खेल 2026 का पहला स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस मैच में दीप्ति ने मात्र छह रन देकर तीन विकेट लिए।
दीप्ति के भाई और कोच सुमित शर्मा ने कहा कि पिछले कई विश्व स्तरीय सीरीज में दीप्ति गेंदबाजी पर ज्यादा फोकस कर रही हैं। यही वजह है कि वह लगातार बड़ी प्रतियोगिताओं में विकेट लेने में आगे रह रही हैं। उन्होंने बताया कि मैदान में उतरने से पहले दीप्ति प्रतिद्वंद्वी टीम के हर खिलाड़ी का अध्ययन करती हैं।

गोल्ड मेडल मिलने पर खुशी जताते दीप्ति शर्मा के पिता, भाई व अन्य सदस्य।
उनकी कमजोरियां समझती हैं और उसी जगह पिच पर गेंद डालती हैं। इसी रणनीति का नतीजा एशियाई खेल फाइनल में भी दिखा, जब उन्होंने श्रीलंका की कप्तान चमारी अतापत्तु समेत अहम विकेट लिए। सुमित शर्मा आगरा में अकादमी चलाते हैं और दीप्ति की शुरुआत से ही उनके कोच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दीप्ति अब सिर्फ आलराउंडर नहीं, गेंदबाजी में भी विश्व स्तर की खास पहचान बना चुकी हैं। शाहगंज-अवधपुरी इलाके से निकली यह खिलाड़ी शहर के लिए गर्व का विषय है।
दीप्ति शर्मा के प्रमुख रिकार्ड
- महिला टी20 इंटरनेशनल में विश्व की सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज
- महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट (टेस्ट, वनडे और टी20 मिलाकर) में सबसे ज्यादा विकेट
- 2025 महिला विश्व कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, टूर्नामेंट में 22 विकेट
- 2026 महिला एशिया कप में भारत की लीडिंग विकेट टेकर (14 विकेट)
- एशियाई खेल 2026 फाइनल में 3/6 का स्पेल, सेमीफाइनल में भी 3 विकेट
