विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तर प्रदेश: आगरा में कंटेनर से भिड़ंत के बाद लपटों में घिरा डंपर, क्लीनर और मजदूर जिंदा जले

Published: Sat, 03 Oct 2026 06:34 AM (GMT+05:30)Updated: Sat, 03 Oct 2026 10:39 AM (GMT+05:30)

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के खंदौली में अलीगढ़ हाईवे पर डंपर और कंटेनर की आमने-सामने टक्कर के बाद आग लग गई।

खंदौली में  डंपर और कंटेनर की आमने-सामने टक्कर के बाद आग लग गई।

खंदौली में  डंपर और कंटेनर की आमने-सामने टक्कर के बाद आग लग गई।

HighLights

  1. आगरा के खंदौली में डंपर-कंटेनर की आमने-सामने भीषण टक्कर

  2. अलीगढ़ हाईवे पर टक्कर के बाद वाहनों में लगी आग

  3. हादसे में दो लोगों की मौत, तीन घायल

जागरण संवाददाता, आगरा। खंदौली में अलीगढ़ राेढ पर शनिवार सुबह साढ़े पांच बजे कंटेनर और डंपर में भीषण भिड़ंत हो गई। दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई, लपटों में घिरे धौलपुर निवासी डंपर के क्लीनर और मजदूर की जलकर मौत हो गई। वहीं, मंडी से सब्जी खरीदकर बाइक से लौट रहे दो सब्जी विक्रेता भी हादसे की चपेट में आकर घायल हो गए। साथी शीटू ने कंटेनर के नीचे फंसे बाइक सवार अपने साथी सुमित को बाहर निकालकर उसकी जान बचाई।

फायर ब्रिगेड की चार गाड़ी ने आग को काबू में किया। हादसे के बाद आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर पांच किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई। दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

कंटेनर चालक फतेहाबाद निवासी शिवा चंदौसी से मटर लेकर गुजरात जा रहा था। जबकि डंपर डस्ट लेकर आगरा आ रहा था। डीसीपी पश्चिमी जोन आदित्य ने बताया कि हादसे में डंपर क्लीनर और एक मजदूर की मौत हुई है।

मटर लेकर गुजरात जा रहा था कंंटेनर 

कंटेनर चालक शिवा निवासी मुबारकपुर, थाना फतेहाबाद, आगरा चंदौसी से मटर लेकर गुजरात जा रहा था। शनिवार सुबह खंदौली सीएचसी के पास पहुंचते ही सामने से तेज गति से आ रहे डंपर ने कंटेनर में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में आकाश (25) और करुआ (24) की जलकर मौत हो गई। दोनों धौलपुर के थाना मनिया क्षेत्र के गांव कोड़रा का पूरा के रहने वाले बताए गए हैं।

हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को बाहर निकलवाकर एनएचएआई की एंबुलेंस से पोस्टमार्टम गृह भेजा है।

WhatsApp Image 2026-10-03 at 6.25.32 AM

वाहनों में लगी आग।

मंडी से सब्जी खरीद कर लौट रहे थे बाइक सवार

मंडी से सब्जी खरीदकर बाइक से लौट रहे नगला जालिम, खंदौली निवासी सुमित (23) पुत्र प्रीतम सिंह और शीटू (24) पुत्र दीवान सिंह भी हादसे की चपेट में आ गए। दोनों सब्जी बेचने का काम करते हैं। हादसे में दोनों घायल हो गए और उनकी बाइक भी आग की चपेट में आकर जल गई। इमरजेंसी ब्रेक लगने के बाद पीछे चल रहे बाइक सवार कंटेनर से टकरा गए थे। इसी दौरान शीटू ने कंटेनर के नीचे फंसे सुमित को बाहर निकाला।

पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंच गईं

आग इतनी भीषण थी कि चार दमकल गाड़ियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने तक हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया। आग पर काबू पाने के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- आगरा: 78,565 चालान, फिर भी नहीं रुक रही गाड़ियों की तेज रफ्तार; एक्सप्रेसवे वे और NH पर स्पीड रडार

कंटेनर चालक शिवा की सूझबूझ से बची जान

खंदौली। कंटेनर चालक शिवा की सूझबूझ से उसकी जान बच गई। शिवा ने बताया कि सामने से डंपर काफी तेज गति से आ रहा था। ऐसा लग रहा था कि डंपर चालक का ध्यान सामने की ओर नहीं था। डंपर को अपनी तरफ तेजी से आता देखकर उसने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाया और कंटेनर को क्लीनर साइड की ओर मोड़ दिया। इसके बाद वह वाहन से कूद गया। उसी क्षण डंपर ने कंटेनर की ड्राइवर साइड में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई।

यह भी पढ़ें- आगरा में नकली दवाओं का बड़ा खुलासा: बिल जारी कर कूरियर से भेजी जा रहीं थीं दवाएं, सिडिंकेट सरगना हिमांशु अग्रवाल के गोदामों की जांच

शिवा के अनुसार यदि वह समय रहते ब्रेक लगाकर कंटेनर को दूसरी ओर नहीं मोड़ता और वाहन से नहीं कूदता तो उसकी जान भी जा सकती थी। इमरजेंसी ब्रेक लगने के कारण पीछे चल रहे बाइक सवार भी कंटेनर से टकरा गए और घायल हो गए।