आगरा में FSDA की बड़ी कार्रवाई: गंदगी और बोरेक्स पाउडर के इस्तेमाल पर तीन मिठाई की दुकानों के लाइसेंस निलंबित
Agra News: दीपावली से पहले आगरा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने 28 प्रतिष्ठानों पर छापा मारा, जिसमें पुष्पक मिष्ठान भंडार ...और पढ़ें

Agra News: मिठाई की दुकान पर टीम। सौ: विभाग
HighLights
FSDA ने आगरा में 28 मिष्ठान प्रतिष्ठानों पर छापा मारा
पुष्पक मिष्ठान भंडार में दूध में बोरेक्स पाउडर मिला, जब्त
तीन नामचीन मिष्ठान भंडारों के लाइसेंस निलंबित किए गए
जागरण संवाददाता, आगरा। Agra News: दीपावली त्योहार से पूर्व खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की 16 टीमों ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। सात घंटे में 28 प्रतिष्ठानों की जांच की। पुष्पक मिष्ठान भंडार छीपीटोला में कढ़ाई के दूध में बोरेक्स पाउडर मिला। मौके से साढ़े 16 किग्रा बोरेक्स भी सीज किया गया। पाउडर का प्रयोग दूध को गाढ़ा और ताजा बनाए बनाए रखने में किया जा रहा था।
हीरा हलवाई सेठ गली, बांके बिहारी मिष्ठान भंडार कमला नगर में गंदगी के बीच मिठाइयों की बिक्री हो रही थी। टीम ने तीनों नामचीन मिष्ठान विक्रेताओं के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए। 12 नमूने लेने के साथ 17 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किया गया है।
एफएसडीए की 16 टीमों ने की कार्रवाई
शहर में 300 से अधिक मिष्ठान विक्रेता हैं। दीपावली से पूर्व मावा, मिठाइयों सहित अन्य की खपत बढ़ गई है। जिस पर आगरा सहित प्रदेश भर के सभी जिलों में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। खाद्य आयुक्त डा.रोशन जैकब के आदेश पर आगरा को छोड़कर प्रदेश भर के खाद्य अधिकारियों की 16 टीमों का गठन किया गया। प्रत्येक टीम में चार-चार अधिकारी शामिल रहे। सुबह 10 से शाम पांच बजे तक टीमों ने विशेष जांच अभियान चलाया। हर टीम ने प्रतिष्ठान में मिठाइयों की जांच की और फिर नमूने लेने का कार्य शुरू हुआ। यह कार्य इतनी तेजी से किया गया कि मिष्ठान विक्रेताओं को भनक तक नहीं लगी।
हीरा हलवाई, बांके बिहारी और पुष्पक मिष्ठान भंडार का लाइसेंस निलंबित
सहायक आयुक्त खाद्य एसएस हैदर आबिदी ने बताया कि देवीराम मिष्ठान भंडार प्रतापपुरा सहित 28 प्रतिष्ठानों की जांच की गई। पुष्पक मिष्ठान भंडार में दूध को गाढ़ा करने के लिए बोरेक्स पाउडर का प्रयोग किया जा रहा था। साढ़े 16 किग्रा पाउडर सीज भी किया गया। दूध का एक नमूना लिया गया है। पुष्पक, हीरा हलवाई सेठ वाली गली, बांके बिहारी मिष्ठान भंडार कमला नगर का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। हीरा और बांके बिहारी में गंदगी मिली थी।
इन प्रतिष्ठानों को जारी हुआ नोटिस और लिए गए नमूने
गोपाल दास मिष्ठान भंडार फतेहाबाद रोड और एमजी रोड, बृजभोग मिष्ठान भंडार मानसिक स्वास्थ्य संस्थान रोड और इसी प्रतिष्ठान के लोहामंडी से मावा और छेना का एक-एक नमूना, जीएमबी फतेहाबाद रोड और जीएमबी कारखाना शाहगंज से मावा और रंगीन मिठाई का एक-एक नमूना, भगत हलवाई सिकंदरा केसर, कोकोनट बर्फी, भगत हलवाई नेहरू नगर से रसमलाई, भगत हलवाई दयालबाग से लतरामी सेव, सत्तो लाला फूड कोर्ट कोठी मीना बाजार मैदान के पास, हीरालाल हीरा हलवाई बेलनगंज, मोर मुकुट स्वीट्स कमलानगर, रसगुल्ला हाउस औद्योगिक क्षेत्र सिकंदरा की दुकान और कारखाना, भोले बाबा फूड प्रोडक्ट्स प्रा. लि. सिकंदरा, श्रीराम मिल्क एंड स्वीट हाउस शमसाबाद रोड, मां भगवती स्वीट्स बिचपुरी से बर्फी, बिजनौर बाबा स्वीट्स लंगड़े की चौकी, देवीराम मिष्ठान भंडार शमसाबाद रोड।
सिफारिशों की लगी लाइन
एफएसडीए टीम की कार्रवाई के चलते सिफारिशों की लाइन लग गई। संचालकों को प्रतिष्ठान की बदनामी का डर सताने लगा। यहां तक एफएसडीए अधिकारियों को कई जनप्रतिनिधियों ने फोन किया। किसी भी तरीके से कार्रवाई को रोकने पर जोर दिया। अधिकारियों ने कार्रवाई रोकने से इनकार कर दिया।
यह भी पढ़ें- अलीगढ़ रेलवे स्टेशन निर्माण में 13 करोड़ की धोखाधड़ी, ठेकेदारों को बड़ा झटका
लंबे समय तक बोरेक्स वाला दूध पीना सेहत के लिए खतरनाक
छीपीटोला स्थित पुष्पक मिष्ठान भंडार में हर दिन 200 लीटर कढ़ाई वाले दूध की बिक्री होती है। दूध पीने के लिए लोगों की लाइन लगती है। सेवानिवृत्त खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीएस गुप्ता ने बताया कि दूध में बोरेक्स पाउडर का प्रयोग नहीं करना चाहिए। यह सेहत के नजरिए से ठीक नहीं है। लंबे समय तक इसका प्रयोग करने से सेहत खराब होने लगती है।
किडनी भी हो सकती है खराब
वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. ऐश्वर्या गुप्ता ने बताया कि लंबे समय तक बोरेक्स वाला दूध पीने से पेट में दर्द, उल्टी आ सकती है। शरीर में बोरेक्स अधिक मात्रा में पहुंचने से किडनी में परेशानी हो सकती है। कई बार त्वचा पर लाल चकत्ते भी पड़ सकते हैं। जिस मकसद से दूध को पिया जा रहा है। स्थिति उसके विपरीत होने लगती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।