Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 13, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Agra News: खेरिया एयरपोर्ट अब जल्द होगा विस्तार, 123 करोड़ हुए मंजूर; इन किसानों से खरीदी जाएगी जमीन

    By Jagran NewsEdited By: Swati Singh
    Updated: Fri, 13 Oct 2023 10:56 AM (IST)

    Agra News खेरिया एयरपोर्ट के विस्तार का रास्ता अब साफ हो गया है। शासन ने 37 हेक्टेयर भूमि की खरीद के लिए 123.69 करोड़ रुपये मंजूर कर दिए हैं। पूरी धन ...और पढ़ें

    खेरिया एयरपोर्ट अब जल्द होगा विस्तार (प्रतीकात्मक तस्वीर)
    खेरिया एयरपोर्ट अब जल्द होगा विस्तार (प्रतीकात्मक तस्वीर)

    जागरण संवाददाता, आगरा। खेरिया एयरपोर्ट के विस्तार और टैक्सी ट्रैक परियोजना रफ्तार पकड़ेगी। शासन ने 37 हेक्टेयर भूमि की खरीद के लिए 123.69 करोड़ रुपये मंजूर कर दिए हैं। पूरी धनराशि जिला प्रशासन को मिल गई है। एडीएम भूमि अध्याप्ति कार्यालय की टीम अगले सप्ताह से धनौली, बल्हैरा और अभयपुरा गांव में भूमि की खरीद शुरू करेगी।

    यह कार्य एक से दो माह तक चलेगा। 387 किसानों को भूमि का चार गुना मुआवजा मिलेगा। खेरिया एयरपोर्ट में नया सिविल एंक्लेव बन रहा है। धनौली, बल्हैरा और अभयपुरा में 23 हेक्टेयर भूमि की खरीद हो चुकी है। अब एयरपोर्ट का विस्तार और टैक्सी ट्रैक भी बनने जा रहा है।

    123.69 करोड़ रुपये का बजट हुआ रिलीज

    दो माह पूर्व प्रशासन की टीम ने अभियान चलाकर किसानों से सहमति पत्र भरवाए थे। भूमि को लेकर सर्वे भी किया गया था। शासन से 123.69 करोड़ रुपये का बजट मांगा गया था। तत्कालीन डीएम नवनीत सिंह चहल ने यह प्रस्ताव शासन को भेजा था। अब शासन ने बजट रिलीज कर दिया है। एडीएम भूमि अध्याप्ति अजय कुमार ने बताया कि अगले सप्ताह से 37 हेक्टेयर भूमि की खरीद शुरू होगी। सभी किसानों को इसकी जानकारी दी जा रही है।

    धनौली की तरफ बनेगा भव्य द्वार

    खेरिया एयरपोर्ट का भव्य द्वार भी बनेगा। यह धनौली गांव की तरफ बनेगा। यह गेट वायुसेना परिसर से बाहर बनेगा। ऐसे में यात्री सीधे एयरपोर्ट तक पहुंच सकेंगे। वर्तमान में जिस तरीके की बंदिशों का सामना करना पड़ता है। गेट बनने से इससे राहत मिलेगी। इस रोड का मिलान जगनेर रोड से किया जाएगा।

    खबरें और भी

    जयपुर और अहमदाबाद को फ्लाइट 29 अक्टूबर से

    खेरिया एयरपोर्ट से वर्तमान में मुंबई, बेंगलुरु, भोपाल और लखनऊ की फ्लाइट हैं। इंडिगो कंपनी 29 अक्टूबर से जयपुर और अहमदाबाद के लिए डेली फ्लाइट चालू करने जा रही है। लखनऊ की फ्लाइट भी हर दिन की हो जाएगी।

    यह भी पढ़ें: इलाहाबाद हाई कोर्ट की टिप्पणी, बालिग जोड़े को साथ रहने का अधिकार; नहीं कर सकता है कोई हस्तक्षेप

    अलग बनेगा नया सिविल एंक्लेव

    खेरिया एयरपोर्ट का नया सिविल एंक्लेव बन रहा है। एक अरब रुपये से धनौली, बल्हैरा, अभयपुरा गांव में 23 हेक्टेयर भूमि की खरीद हो चुकी है। सबसे अधिक भूमि धनौली गांव की है। सिविल एंक्लेव की बाउंड्रीवाल का निर्माण पूरा हो गया है। यह तीन करोड़ रुपये से बनी है। इसकी लंबाई 2325 मीटर है। एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में 300 यात्रियों के आगमन और प्रस्थान की क्षमता है जो बढ़कर 500 हो जाएगी।

    किराए में की जा रही कमी

    अर्जुन नगर गेट से खेरिया एयरपोर्ट के टर्मिनल तक ई-बसों का संचालन होता है। डेढ़ किमी के रास्ते के लिए 50 रुपये लिए जाते हैं। डीएम भानु चंद्र गोस्वामी ने नगरायुक्त और रोडवेज के अधिकारियों को किराए में कमी के आदेश दिए हैं। इसे लेकर जल्द बैठक होने जा रही है।

    क्या कहता है आंकड़ा

    • धनौली गांव कुल भूमि : 3.75 हेक्टेयर, कुल किसान : 115,
    • लिंक मार्ग पर 1.85 करोड़ रुपये प्रति हेक्टेयर और सामान्य मार्ग पर डेढ़ करोड़ रुपये
    • बल्हैरा गांव कुल भूमि : 20.15 हेक्टेयर, कुल किसान : 161
    • लिंक मार्ग पर 85 लाख रुपये, सामान्य मार्ग पर 75 लाख रुपये
    • अभयपुरा गांव कुल भूमि : 13.53 हेक्टेयर, कुल किसान : 111,50 लाख रुपये
    • (उपरोक्त दर का चार गुणा मुआवजा दिया जाएगा)