Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    आगरा उत्तर विधानसभा का रिपोर्ट कार्ड: पॉश कॉलोनियों में पास, बोदला की बस्तियों में फेल विधायक

    Updated: Tue, 28 Jul 2026 03:39 PM (IST)

    Uttar Pradesh MLA Report Card:विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल के आगरा उत्तर विधानसभा क्षेत्र में पॉश कॉलोनियों में विकास दिखा, वहीं बोदला जैसे दलित बहुल्य ...और पढ़ें

    आगरा उत्तर विधानसभा का रिपोर्ट कार्ड।

    आगरा उत्तर विधानसभा का रिपोर्ट कार्ड।

    HighLights

    1. पॉश कॉलोनियों में विकास की चमक, सड़कें और नालियां दुरुस्त।

    2. बोदला जैसे क्षेत्रों में टूटी सड़कें, जलभराव और गड्ढों की समस्या।

    3. विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल के कार्यकाल में विकास की दोहरी तस्वीर।

    यशपाल चौहान, आगरा। भाजपा का मजबूत गढ़ मानी जाने वाली उत्तरी विधान सभा क्षेत्र में विकास का पहिया कहीं तेज घूमा तो कहीं ठिठक गया। कमला नगर, बल्केश्वर से लेकर निर्भय नगर और महर्षि पुरम जैसी कॉलोनियों में विकास की चमक दिख रही है। मगर, दलित बहुल्य क्षेत्र बोदला में विकास मुख्य सड़क से गलियों में कम ही पहुंच सका है। वर्षा के कारण हो रहे जलभराव हालत इतने खराब हैं कि लोग घरों से निकल तक नहीं पा रहे हैं।

    सड़क के नाम पर कुछ गिट्ट ही बची हैं। मगर, गहरे गड्ढे वाहन चालकों की कमर तोड़ने के लिए जरूर दिख रहे हैं। इनमें गिरकर आए दिन लोग चोटिल भी होते रहते हैं। क्षेत्रीय विधायक पॉश कॉलोनियों के साथ ही बोदला की बस्तियों में भी विकास कराने की बात कह रहे हैं। भाजपा की प्रदेश में सरकार का दूसरा कार्यकाल पूरा होने को है। चुनाव की तैयारियां तेज हो रही हैं। ऐसे में दैनिक जागरण ने विधान सभा क्षेत्र की पड़ताल की तो यही तस्वीर नजर आई। पेश है उत्तरी विधान सभा क्षेत्र से भाजपा विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल का रिपोर्ट कार्ड।

    भीम नगर और पक्का बाग समेत अन्य बस्तियों में टूटी सड़कें,भरा है पानी

    कमला नगर लंबे समय से विकास के मामले में फोकस पर है। यहां मुख्य बाजार में विशेष लाइटिंग से लेकर हरियाली भी दिखने लगी है। पार्किंग की समस्या से जूझ रहे बाजार में व्यापारी भाजपा के कार्यों की तारीफ करते हैं। यहां के लोग सड़कों की मरम्मत से लेकर पार्कों को ठीक कराने का श्रेय भी विधायक को देते हैं। यहां से लेकर कमला नगर एक्सटेंशन में भी सड़कें ठीक और साफ नालियां दिखती हैं।

    वहीं दूसरी ओर बोदला क्षेत्र में विकास की तस्वीर कुछ अलग दिखती है। बोदला चौराहा पार करते ही बिचपुरी रोड पर स्थित भीम नगर, पक्का बाग, त्रिवेणी कुंज समेत कई अन्य बस्तियों में बदहाली दिखती है। यहां के लोगों का कहना है कि वे कई बार क्षेत्रीय पार्षद और विधायक से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई नहीं सुनते। तीन वर्ष पहले सीवर लाइन डालने को खोदी गई सड़कों को बुरा हाल है। नगला बेर व अन्य बस्तियों में भी बदहाली है।

    खबरें और भी

    उत्तर विधान सभा क्षेत्र का समीकरण

    • कुल मतदाता- 4.09 लाख
    • विधान सभा क्षेत्र में कुल बूथ- 446
    • पुरुष मतदाता- 2.33 लाख
    • महिला मतदाता- 1.97 लाख
    • वर्ष 2017 में हुए चुनाव में पांचवीं बार भाजपा से जगन प्रसाद गर्ग विधायक बने। उनके निधन के बाद वर्ष 2019 के उप चुनाव में पुरुषोत्तम खंडेलवाल भाजपा से विधायक बने।
    • वर्ष 2022 में बसपा के शब्बीर अब्बास को एक लाख से अधिक मतों से हराकर दूसरी बार पुरुषोत्तम खंडेलवाल विधायक बने।

    हमने चुनाव में जनता से कहा था कि सीवरेज, ड्रेनेज और टूटी सड़कों को ठीक कराएंगे। हमारे विधान सभा क्षेत्र में 80 प्रतिशत क्षेत्र में गंगाजल पहुंच चुका है। दो माह में 95 प्रतिशत में पूरा हो जाएगा। सड़कों को ठीक कराने का कार्य हम 80 प्रतिशत तक कर चुके हैं। बचा हुआ कार्य पूरा कराने का प्रयास कर रहे हैं। कमला नगर थाना बनवाया। मोतीकुंज पुलिस चौकी बनवाई। पार्कों से अवैध कब्जे हटवाए। हम नियोजित विकास करा रहे हैं। बोदला क्षेत्र की कई गलियों में काम हुआ है। कुछ अभी शेष हैं। वहां भी होगा। दहतोरा से लगी 30- 40 गलियां हैं, वहां काम हुआ है। जलभराव के कई स्थलों पर अब जलभराव नहीं हो रहा है। जो बचे हैं, वहां भी काम चल रहा है। बोदला क्षेत्र में विपक्ष के लोग भ्रम फैला रहे हैं।

    -

    पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधायक

    साढ़े चार साल हो चुके हैं। क्षेत्र में विधायक और भाजपा ने जो वादे किए थे, वे पूरे नहीं हुए। वहम और अहम पाल रखा है। वहम ये कि हम बहुत कुछ कर रहे हैं। अहम ये कि हम ही सत्ता में आएंगे। विकास के नाम पर कुछ नहीं हुआ है। हमारी पार्टी के प्रत्याशी ने कमला नगर में गड्ढे में घुसकर यह दिखाया था। दलित, पिछड़ों व अल्पसंख्यकों के क्षेत्र में विधायक जाते ही नहीं। जनता के नजरिये से विकास कुछ नहीं हुआ है।

    अब राम मंदिर के नाम पर सत्ता नहीं मिलेगी।

    -

    शब्बीर अब्बास, महानगर अध्यक्ष सपा (वर्ष 2022 में उत्तर विधान सभा क्षेत्र से रनर अप)