पत्नी के लिए मां को खिलाई 'जहर की पुड़िया', सास के कहने पर बेटे ने उठाया कदम; आगरा में रिश्ते शर्मसार
आगरा के पिढ़ौरा में एक बेटे ने अपनी सास के बहकावे में आकर मां को चने में जहर मिलाकर खिला दिया, जिससे महिला की हालत गंभीर है और वह अस्पताल में भर्ती है ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
बेटे ने मां को चने में जहर मिलाकर खिलाया।
सास के बहकावे में आकर बेटे ने किया यह कृत्य।
महिला आगरा के अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती।
संवाद सूत्र, स्याहीपुरा (आगरा)। पिढ़ौरा के गांव वरपुरा में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने अपनी ही मां को चने में जहर मिलाकर खिला दिया। महिला की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल आगरा के जीआर हास्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित बेटे को हिरासत में लेकर उसे जेल भेजा है, जबकि उसकी सास की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
खाने में चने दिए उससे पहले दे दिया जहरीला पदार्थ
गांव वरपुरा निवासी रनवीर सिंह ने थाना पिढ़ौरा में दी तहरीर में बताया कि गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे उनके छोटे बेटे रविन्द्र सिंह (20) ने अपनी मां राममूर्ति (55) को खाने के लिए चने दिए। आरोप है कि चनों में पहले से जहरीला पदार्थ मिलाया गया था। चने खाने के कुछ ही देर बाद राममूर्ति की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें उल्टियां और बेचैनी होने लगी, जिसके बाद परिजन आनन-फानन में आगरा के जीआर हास्पिटल ले गए, जहां उनका इलाज जारी है।
सास के कहने पर दी जहर की पुड़िया
पति के अनुसार, जब परिवार के लोगों ने रविन्द्र से सख्ती से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसकी सास फूलवती पत्नी पप्पू निवासी गांव रुनवाई, थाना फतेहाबाद ने उसे गटपुरा बुलाकर जहर की पुड़िया दी थी।
आरोप है कि फूलवती ने उससे कहा था कि यदि वह अपनी मां को रास्ते से हटा देगा, तभी वह अपनी बेटी को उसके साथ भेजेगी। इसी बहकावे में आकर उसने अपनी मां को जान से मारने की नीयत से चनों में जहर मिलाकर खिला दिया।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- यूपी में बारिश पर 'ब्रेक': लखनऊ सहित 60 जिलों में आज उमस भरी गर्मी; तराई के गोरखपुर-देवरिया में यलो अलर्ट
पूरे गांव में चर्चा
गांव में भी पूरे मामले की चर्चा बनी हुई है। परिजन महिला के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं, वहीं पुलिस पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच में जुटी है। रनवीर सिंह ने अपने बेटे रविन्द्र सिंह और उसकी सास फूलवती के खिलाफ तहरीर दी है।
थाना पिढ़ौरा प्रभारी निरीक्षक सर्वेश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपित रविन्द्र से पूछताछ के बाद जुर्म कबूल कर लिया है। सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।