विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Tribute to Teejan Bai: आगरा के ताज महोत्सव में पंडवानी गायिका ने सुनाई थी श्रीकृष्ण के पांच गांव मांगने की कथा

By Nirlosh Kumar Edited By: Prateek Gupta
Published: Mon, 06 Jul 2026 01:35 PM (IST)

पद्म विभूषण पंडवानी गायिका तीजन बाई का निधन हो गया, जिन्होंने छत्तीसगढ़ की लोक गायकी को विश्व स्तर पर पहचान ...और पढ़ें

पद्म विभूषण तीजन बाई का फाइल फोटो।

 पद्म विभूषण तीजन बाई का फाइल फोटो।

जागरण संवाददाता, आगरा। देश की प्रसिद्ध पंडवानी गायिका पद्म विभूषण से सम्मानित तीजन बाई का रविवार को निधन हो गया। छत्तीसगढ़ की लोक गायकी को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने वाली तीजन बाई की प्रस्तुति का साक्षी ताज महोत्सव भी रहा है। 24 फरवरी, 2013 को उन्होंने शिल्पग्राम के मुक्ताकाशीय मंच पर तंबूरे के साथ प्रस्तुति देकर दर्शकों को बांधे रखा था।

महाभारत की कथाएं को सुनाने वाली तीजन बाई ने महोत्सव में कौरवों के दरबार में शांति वार्ता को पहुंचे भगवान श्रीकृष्ण द्वारा पांडवों के लिए पांच गांव मांगने और द्रोपदी के चीर हरण की कथा सुनाई थी।

साहित्यकार और एंकर सुशील सरित ने बताया कि ताज महोत्सव में तीजन बाई के कार्यक्रम में उन्होंने एंकरिंग की थी। करीब 35 मिनट की प्रस्तुति उन्होंने दी थी। वह महाभारत की कथाओं को अपनी गायकी में सुनाती थीं। उस दिन उन्होंने शांति का प्रयास करने को भगवान श्रीकृष्ण के कौरवों के दरबार में आने और पांडवों के लिए पांच गांव मांगने की कथा सुनाई थी

द्रोपदी के चीर हरण की लीला भी उन्होंने सुनाई थी। उनकी आवाज का जादू और प्रस्तुति ऐसी थी कि दर्शक अपनी सीटों पर जमे रह गए थे। इसके बाद वह ताज महोत्सव में कभी नहीं आईं। उन्होंने आदिवासी लोक कला को विश्व पटल पर पहुंचा दिया। उनका निधन भारतीय संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।

गजल गायक सुधीर नारायन ने कहा कि पंडवानी की सुप्रसिद्ध लोक गायिका तीजन बाई के स्वर्गवास से लोक संगीत जगत को बड़ी क्षति हुई है। वो स्वयं सहज और सरल तो थी हीं, साथ ही एक बुलंद और प्रभावशाली आवाज़ की मल्लिका थीं। ताज महोत्सव में उनका कार्यक्रम अत्यंत सफल रहा था। ईश्वर उनको सद्गति प्रदान करे।

मिट चुका है मंच का अस्तित्व

ताज महोत्सव में शिल्पग्राम के जिस मुक्ताकाशीय मंच पर तीजन बाई ने अपनी प्रस्तुति दी थी, उसका अस्तित्व मिट चुका है। शिल्पग्राम में पुराने भवनों को यूनिटी माल के निर्माण को तोड़ दिया गया है।

जिला उद्योग केंद्र द्वारा लोक निर्माण विभाग से यहां सौ करोड़ रुपये से अधिक की लागत से यूनिटी माल बनवाया जा रहा है। इसमें प्रदेश के एक जिला एक उत्पाद योजना में चयनित उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। बेसमेंट में डबल पार्किंग होगी।