सोलर की रोशनी में यूपी ने भरी उड़ान, देश में दूसरा स्थान; आगरा डीवीवीएनएल में नंबर वन
उत्तर प्रदेश 8.29 लाख से अधिक सोलर प्लांट लगाकर देश में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है, जबकि गुजरात पहले ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
उत्तर प्रदेश 8.29 लाख सोलर प्लांट के साथ देश में दूसरे स्थान पर।
डीवीवीएनएल की पहल से आगरा में सर्वाधिक सोलर कनेक्शन लगे।
पीएम सूर्य घर योजना के तहत सरकार दे रही है सब्सिडी।
जागरण संवाददाता, आगरा। सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की मुहिम में उप्र ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। 8.29 लाख से अधिक सोलर प्लांट लगने के साथ ही देश में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। 8.45 लाख सोलर प्लांट लगाने वाला गुजरात पहले स्थान पर है। पहले और दूसरे नंबर में अंतर सिर्फ 16 हजार का है।
घर-घर पहुंचकर सोलर प्लांट लगवाने के लिए लोगों को प्रेरित करने में दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डीवीवीएनएल) की अहम भूमिका रही है। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत केंद्र और राज्य सरकार की ओर से सोलर लगवाने वालों को सब्सिडी दी जा रही है।
घरों में सोलर प्लांट के लिए प्रदेश की विद्युत वितरण कंपनियों को प्रेरित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। प्रदेश में योजना की शुरूआत फरवरी 2024 में हुई थी। अब तक की प्रगति रिपोर्ट में प्रदेश में कुल 8.29 लाख से ज्यादा कनेक्शन लग चुके हैं। बिजली कंपनियों की खपत घटने के साथ लोगों को बिजली के बिल से भी बड़ी राहत मिली है।
पिछले दिनों देश भर में हुई सोलर प्लांट लगाने की उपलब्धि की सूची जारी हुई। इसमें गुजरात नंबर वन पर है। इसके बाद उत्तर प्रदेश और फिर महाराष्ट्र है। डीवीवीएनएल के अधिशासी अभियंता (तकनीकी) व प्रभारी सोलर प्रभात सिंह ने बताया कि अभियान चलाकर उपभोक्ताओं को सोलर के लिए प्रेरित कर सोलर प्लांट लगाने वाली कंपनियों के वेंडरों और बैंकों के साथ समन्वय से सफलता मिली है।
डीवीवीएनएल की प्रबंध निदेशक श्रुति का कहना है कि सरकार के उद्देश्य और आम लोगों पर बिजली बिल के बढ़ते बोझ को कम करने करने के लिए उपभोक्ताओं के सामने सोलर का विकल्प रखा गया, जो उनकी समझ में आ गया है। लगातार लोगों का रुझान बढ़ रहा है।
एक नजर में
8,29,894 : प्रदेश में कुल सोलर कनेक्शन
1,27,477 : दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के 21 जिलों की स्थिति
31,710 : आगरा में कुल कनेक्शन, डीवीवीएनएल के 21 जिलों में टॉप पर
25,052 : आगरा शहर (टोरेंट कंपनी क्षेत्र) में कनेक्शन
(आंकड़े 18 सितंबर 2026 तक के डीवीवीएनएल के हैं।)
प्रदेश में विद्युत वितरण कंपनियों की उपलब्धि
- दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम, आगरा : 1,25,151
- मध्यांचल विद्युत वितरण निगम, लखनऊ : 3,29,414
- पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम, मेरठ : 1,82,605
- पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम, वाराणसी : 1,15,183
- कानपुर विद्युत वितरण कंपनी (केस्को) : 45,996
