USA में गर्लफ्रेंड की हत्या कर सूटकेस में भरा शव, आगरा में छिपे आरोपी बॉयफ्रेंड को तेलंगाना पुलिस ने दबोचा
अमेरिका के मैरीलैंड में पूर्व प्रेमिका निकिता गोदिशाला की हत्या के आरोपित अर्जुन शर्मा को आगरा से गिरफ्तार किया गया ...और पढ़ें

एक्स गर्लफ्रेंड निकिता गोदिशाला का फाइल फोटो और आगरा से गिरफ्तार अर्जुन शर्मा।
जागरण टीम, आगरा। अमेरिका के मैरीलैंड में अपनी पूर्व प्रेमिका निकिता गोदिशाला की हत्या के मामले में वांछित आरोपित अर्जुन शर्मा को मंगलवार को एकता थाना क्षेत्र के कहरई से हैदराबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद अदालत ने उसे हिरासत में लेने का आदेश दिया और आवश्यक हिरासत वारंट तैयार करने के निर्देश दिए।
पटियाला हाउस स्थित अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अनीश भास्कर मणि त्रिपाठी ने ये आदेश पारित किया। गिरफ्तारी की सूचना उसके परिवार को भी दी गई। भारत में चल रही कार्यवाही अमेरिका की ओर से भेजे गए प्रत्यर्पण अनुरोध पर की गई है। यह अनुरोध भारत-अमेरिका प्रत्यर्पण संधि के तहत किया गया था।
सुनवाई के दौरान सीबीआइ ने अदालत को बताया कि आरोपित हैदराबाद के लालागुडा थाने में दर्ज एक अन्य प्राथमिकी में भी संदिग्ध है। लालागुडा पुलिस के एक अधिकारी ने आगरा स्थित उसके पते पर नोटिस दिया था। इसके बाद दैनिक डायरी में प्रविष्टि की गई और गैर-जमानती वारंट की तामील के लिए छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
मामला मूल रूप से हैदराबाद की रहने वाली 27 वर्षीय निकिता गोदिशाला की अमेरिका के मैरीलैंड स्थित हावर्ड काउंटी में हत्या से जुड़ा है। अमेरिकी पुलिस के अनुसार, निकिता की हत्या 31 दिसंबर 2025 और दो जनवरी 2026 के बीच की गई। आरोप है कि उसके पूर्व प्रेमी अर्जुन शर्मा ने उस पर चाकू से हमला किया, फिर उसके लापता होने की सूचना देकर तीन जनवरी को अमेरिका से भारत आया गया था।
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान निकिता का शव अर्जुन शर्मा के अपार्टमेंट की अलमारी में रखे एक सूटकेस से बरामद हुआ था। निकिता के पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी और अर्जुन शर्मा के बीच पैसों को लेकर विवाद हुआ था और इसी विवाद के चलते उसकी हत्या की गई। निकिता का शव मिलने के बाद अमेरिकी अधिकारियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी तलाश शुरू की थी।
इसके बाद अर्जुन शर्मा के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। अर्जुन के खिलाफ अमेरिका में हत्या के दो और हमले के दो आरोप हैं। दिल्ली की अदालत ने कहा कि आरोपित पर अमेरिका में जिन अपराधों के आरोप हैं, उनमें एक वर्ष से अधिक की सजा का प्रविधान है। भारत-अमेरिका प्रत्यर्पण संधि के तहत भी ऐसे अपराधों में प्रत्यर्पण का अनुरोध किया जा सकता है।
आगरा में दो घंटे रही हैदराबाद पुलिस
मैरीलेंड में पूर्व प्रेमिका की हत्या के आरोपित अर्जुन शर्मा को गिरफ्तार करने के लिए हैदराबाद पुलिस मंगलवार सुबह 11 बजे तक एकता थाना क्षेत्र के कहरई पहुंची थी। हैदराबाद पुलिस यहां पर दाे घंटे से अधिक रही। इस दौरान एकता थाने की पुलिस भी मौजूद रही। जिससे कि ग्रामीण किसी तरह का हंगामा या व्यवधान पैदा नहीं करें।
