आगरा में कातिल पत्नी का कबूलनामा: बोली- छोड़ देती तो जेल से भी बदतर होती जिंदगी, 16 साल से सह रही थी पति की पिटाई
आगरा में रूबी ने डेढ़ महीने बाद पति सुरेंद्र शर्मा की हत्या कबूल की, बताया कि वह 16 साल से पिटाई सह रही थी और पति को छोड़ना जेल से भी बदतर होता। उसने ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
रूबी ने डेढ़ महीने बाद पति की हत्या कबूली।
16 साल से पति की पिटाई सह रही थी।
बेटियों ने हत्यारी मां से मिलने से मना किया।
जागरण संवाददाता, आगरा। डेढ़ महीने से पति की हत्या का राज सीने में दफन करके सामान्य दिखाई देने वाली रूबी राजफाश के बाद थाने में रात भर रोती रही। कभी उसे बेटियाें की चिंता सताती तो कभी अपने अंजाम की। वह बार-बार एक ही बात कह रही थी कि पति को छोड़ देती तो उसकी जिंदगी जेल से भी बदतर होती।
इधर, बेटियों को पिता की हत्या का पता चलने के बाद उन्होंने मां से मिलने से मना कर दिया। उनका कहना था कि जिस मां ने हमारे पिता को मार दिया, वह उससे बात नहीं करेंगी। महिला पुलिसकर्मी ने रूबी से पूछताछ के दौरान कहा कि वह सच नहीं बताएगी तो सख्त रवैया अपनाना पड़ेगा।
16 साल से पति से पिट रही थी
रूबी का कहना था कि 16 वर्ष से पति से पिट रही है, वह पिटाई की अभ्यस्त हो चुकी है। इसके बाद उसने पति सुरेंद्र शर्मा को नींद की गोली देने से लेकर बाथरूम में फर्श में दफनाने के बाद फर्श को पक्का कराने तक की सारी कहानी बयान कर दी। सब कुछ बताने के बाद उसने रोना शुरू किया तो हिचकियां बंध गईं।
थाने में आत्मग्लानि रात भर रोती रही रूबी
कुछ देर पहले तक सामान्य और भावशून्य चेहरे वाली रूबी को अचानक बच्चों की हिचकियां लेकर रोता देख पुलिसकर्मी भी हैरत में थे। उन्हें लगा कि वह रोने का नाटक कर रही है। मगर, पति की हत्या कबूल करने के बाद वह रात भर रोती रही, उसकी हालत बिगड़ने की आशंका पर महिला पुलिसकर्मी लगातार उसे सांत्वना देते रहे। वह बेटियाें से बात करना चाहती थी।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- आगरा: खीर में नशीली गोलियां, फिर हत्या और घर में दफनाया शव; पत्नी का चौंकाने वाला सच
मां से मिलने थाने नहीं आई बेटियां
पुलिस को बताया तो उसने स्वजन को इसकी जानकारी दी। बेटियों ने मां से मिलने से साफ मना कर दिया। जिसकी जानकारी हाेने पर वह जेल भेजने से पहले तक रोती रही। एक ही बात कहती रही कि वह बदतर जिंदगी जी रही थी। पति को छोड़ देती तो उसकी आगे की जिंदगी जेल से भी बदतर हो जाती।
यह भी पढ़ें- आगरा में पति को मारकर बाथरूम में गाड़ा: बैंक स्टेटमेंट और भाई की 'जासूसी' काम आई, 45 दिन बाद पकड़ी कातिल पत्नी रूबी
बागेश्वर धाम तक पति को तलाशने का किया नाटक
रूबी के जेठ अनिल शर्मा ने बताया कि छोटा भाई सुरेंद्र शर्मा बागेश्वर धाम का भक्त था। दो वर्ष पहले वहां दीक्षा ली थी। वहां होने वाले कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए अक्सर जाता रहता था। पति की हत्या करने के बाद 19 मई को उनके पास रहने आई रूबी परिवार को भ्रमित करने का नाटक करती रही।
परिवार को बताया कि पति के बागेश्वर धाम जाने की कह रहे थे। अनिल शर्मा ने बताया कि उन्होंने रूबी को बड़ी बेटी के साथ बागेश्वर धाम भेजा। वह एक दिन बाद ही लौट आई, बताया कि बागेश्वर धाम में पता कर लिया है, पति वहां नहीं पहुंचे हैं।