विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अलीगढ़ में 55 करोड़ से बनेंगी 109 सड़कें, ग्रामीण इलाकों को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी

By Surjeet Singh Edited By: Prateek Gupta
Published: Fri, 30 Oct 2026 01:32 PM (GMT+05:30)

अलीगढ़ में मुख्यमंत्री त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत 55 करोड़ रुपये की लागत से 109 सड़कों का निर्माण हो ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। चार महीने तक कार्यादेश के इंतजार में अटकीं मुख्यमंत्री त्वरित आर्थिक विकास योजना की सड़क परियोजनाओं ने अब रफ्तार पकड़ ली है। जिले में 55 करोड़ रुपये की लागत से 109 सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है। इनमें से सात सड़कों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि शेष पर भी काम शुरू हो गया है। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने दिसंबर तक सभी सड़कों का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा है।

इन परियोजनाओं से जिले की सातों विधानसभा क्षेत्रों के ग्रामीण इलाकों में आवागमन सुगम होने की उम्मीद है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत स्वीकृत इन परियोजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क मार्गों को बेहतर बनाना है। सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में सड़कें स्वीकृत की गई हैं। कुल बजट में से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में करीब आठ करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को जर्जर मार्गों से राहत मिलने के साथ किसानों, विद्यार्थियों और मरीजों को भी आवागमन में सहूलियत मिलेगी। योजना के तहत टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्यादेश जारी होने में देरी के चलते करीब तीन से चार महीने तक काम अटका रहा। अब विभागीय स्तर पर प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ निर्माण कार्य शुरू हो गया है। सात सड़कें पूरी होने के बाद अन्य परियोजनाओं पर काम चल रहा है।

विभाग का जोर तय समयसीमा में सभी कार्य पूरे कराने पर है। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता चंद्रवीर सिंह ने बताया कि सड़कों का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। सात सड़कें पूरी हो चुकी हैं और शेष पर काम चल रहा है।

इन सड़कों का निर्माण पूरा

योजना के तहत कलूआ से राजमऊ तक सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है। पहासू रोड से हुरसेना तक का मार्ग भी तैयार हो गया है। इगलास क्षेत्र में मोनिया स्थित राधा स्वामी सत्संग आश्रम तक सड़क का निर्माण पूरा किया गया है। वहीं, गंगीरी क्षेत्र में कनौवीं से नदी तक सड़क का काम भी पूरा हो चुका है। विभाग के अनुसार, इनके अलावा अन्य सड़कें भी पूर्ण हो चुकी हैं। शेष सड़कों पर निर्माण कार्य जारी है।

सातों विधानसभा क्षेत्रों को मिलेगा लाभ

ग्रामीण इलाकों में संपर्क मार्ग बेहतर होने से लोगों को मुख्य सड़कों तक पहुंचने में आसानी होगी। कृषि उपज को मंडी तक ले जाने और रोजमर्रा के कामकाज के लिए आवागमन करने वालों को भी राहत मिलेगी। लंबे समय से खराब सड़कों की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों की निगाहें अब निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्ध पूर्णता पर टिकी हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।