साड़ी की दुकान में देखने के बहाने कर आती थीं हाथ साफ, अलीगढ़ में चार बुजुर्ग महिलाएं गिरफ्तार
इगलास, अलीगढ़ में एक साड़ी की दुकान से 12 साड़ियां चुराने के आरोप में चार बुजुर्ग महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। महिलाओं ने ग्राहक बनकर दुकानदार को ...और पढ़ें

चोरी की साड़ियों के साथ पकड़ी गईं महिलाएं।
संवाद सूत्र, इगलास (अलीगढ़)। शिवा मार्केट में साड़ियों की चोरी करने वाले एक शातिर चार बुजुर्ग महिलाओं को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की गई 12 साड़ियां बरामद की हैं। पकड़ी गई महिलाएं हाथरस जिले के थाना सासनी क्षेत्र की रहने वाली हैं।
लालपुर कालोनी निवासी जितेंद्र कुमार की शिवा मार्केट में वंशिका साड़ी एम्पोरियम नाम से दुकान है, जिसका संचालन उनकी पत्नी चंचल देवी करती हैं। सोमवार को चार बुजुर्ग महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान पर आईं। योजना के मुताबिक, तीन महिलाएं काउंटर पर साड़ियां देखने लगीं और दुकानदार को बातों में उलझा लिया।
उनकी चौथी साथी दुकान के बाहर खड़ी रही। तीनों महिलाओं ने बड़ी चालाकी से 12 साड़ियां पार कर बाहर खड़ी महिला तक पहुंचा दीं। महिलाओं के जाने के बाद जब स्टाॅक कम मिला तो चंचल देवी को शक हुआ। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई तो चारों महिलाएं चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए साफ दिखाई दीं।
दुकानदार ने कोतवाली में गांव पथुआ थाना सासनी (हाथरस) निवासी रामादेवी (65), मुन्नी देवी (60), सावित्री देवी (65) और उर्मिला देवी (67) के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई।
इंस्पेक्टर डीके सिसोदिया ने बताया कि पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। मंगलवार सुबह इगलास-सासनी रोड स्थित डलब नहर के पास नई कालोनी क्षेत्र से चारों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया।
टीम में दारोगा गंगाराम, कांस्टेबल जबर सिंह आदि शामिल रहे। महिलाओं के पास से चोरी 12 साड़ियों को बरामद कर लिया है। सभी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया है।
व्यापारियों ने बढ़ाई सतर्कता
बुजुर्ग महिलाओं द्वारा संगठित तरीके से चोरी की इस घटना के बाद कस्बे के व्यापारियों में चर्चा का माहौल है। कस्बे में बुजुर्ग महिलाओं द्वारा चोरी का यह पहला मामला सामने आया है। पुलिस ने व्यापारियों से अपील की है कि वे अपनी दुकानों में सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखें और संदिग्धों पर नजर रखें।
खबरें और भी
इंस्पेक्टर ने बताया कि महिलाओं का आपराधिक इतिहास तो नहीं मिला है, लेकिन इनकी पारिवारिक पृष्ठ भूमि की जानकारी जुटाई जा रही है।