विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल की आपदा में फंसे अलीगढ़ के सात श्रद्धालु, आठ घंटे बाद हुई बात तो आया चैन

By Digital Desk Edited By: Prateek Gupta
Updated: Thu, 27 Aug 2026 09:08 PM (IST)

नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा के बीच अलीगढ़ के हरीबाबू शर्मा सहित सात श्रद्धालु फंस गए थे, जिससे उनके परिवार ...और पढ़ें

नेपाल में ग्रुप फोटो कराते अलीगढ़ से गए लोग।

नेपाल में ग्रुप फोटो कराते अलीगढ़ से गए लोग।

HighLights

  1. लापता सूची में नाम होने से परिवार में बढ़ी चिंता।

  2. कैलास मानसरोवर की यात्रा पर गए थे सभी लोग।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा के बीच गभाना तहसील के बीरपुरा निवासी किसान हरीबाबू शर्मा (51) अपने करीब 14 रिश्तेदारों श्रद्धालुओं के साथ फंस गए हैं। इनमें शर्मा सहित सात लोग जिले के हैं। अखबारों के माध्यम से स्वजन को नेपाल में जल प्रलय की जानकारी मिली तो परिवार की चिंता बढ़ गई।

शासन स्तर से जारी लापता लोगों की सूची में हरीबाबू शर्मा नाम होने की जानकारी मिलने पर स्वजन के चेहरे की रंगत उड़ गई। हालांकि, करीब आठ घंटे बाद गुरुवार को मोबाइल पर हरीबाबू से संपर्क हुआ तो उनके सकुशल होने की जानकारी मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली

हरीबाबू शर्मा 24 अगस्त को दिल्ली पहुंचे। उनके साथ जिले के लोधा विकास खंड के बड़ा गांव अकबरपुर निवासी मुकेश शर्मा व हेमलता शर्मा, बांकनेर निवासी रजनी शर्मा, बिहारीपुरा अंडला निवासी देवेश शर्मा व कुसुमा देवी साथ थे। यह सभी हरीबाबू शर्मा के साढू पुत्र कुलदीप शर्मा व अन्य स्वजन के साथ 25 अगस्त की सुबह दिल्ली एयरपोर्ट से फ्लाइट से काठमांडू पहुंचे।

सुबह 10 बजे यह सभी टैक्सियों से कैलास मानसरोवर की धार्मिक यात्रा के लिए रवाना हुए थे। दल था। यात्रा के दौरान नेपाल में मौसम लगातार खराब हो रहा था और तेज बरसात हो रही थी। इसके बावजूद श्रद्धालु अपनी आस्था के चलते यात्रा पर आगे बढ़ते रहे। 26 अगस्त को यह नेपाल के पोखरा पहुंचे। यहां मंदिरों में दर्शन के बाद यह रात में मुक्तिनाथ धार्मिक नगरी पहुंचे

यहां इन्होंने एक होटल में विश्राम किया। इस दिन सुबह जल प्रलय हो गई। कुलदीप ने बताया कि जहां जल प्रलय हुआ, इसकी दूरी करीब 70 किलोमीटर दूर है। इसके चलते इंटरनेट नेटवर्क ने काम करना बंद कर दिया। शुक्रवार को वह जनकपुरी के लिए रवाना होंगे।

वहीं हरीबाबू के भतीजे मुकेश शर्मा ने बताया कि उनके चाचा दिल्ली निवासी एक रिश्तेदार के बेटे कुलदीप के साथ धार्मिक यात्रा पर गए थे। हरीबाबू की पत्नी पिंकी देवी उनसे प्रतिदिन फोन पर बात करती थीं। गुरुवार सुबह करीब सात बजे संपर्क नहीं हो सका तो परिवार की चिंता बढ़ गई। बाद में शासन स्तर से जारी लापता लोगों की सूची में नाम होने की जानकारी मिली।

करीब आठ घंटे बाद संपर्क होने पर हरीबाबू ने अपनी सकुशलता की जानकारी दी। हरीबाबू व उनकी पत्नी निसंतान हैं। खेती-किसानी ही उनकी आय का मुख्य साधन है। घर पर पशु भी हैं, इसलिए पत्नी पिंकी देवी उनके साथ धार्मिक यात्रा पर नहीं गई थीं।

पति के सकुशल होने की जानकारी मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली। तहसील प्रशासन ने भी इसकी रिपोर्ट जिला स्तरीय अधिकारियों को भेज दी है। इसे शासन में भेजा गया है। क्योंकि शासन की लापता सूची में भी इनका नाम शामिल था।

प्रशासन ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

एडीएम वित्त एवं राजस्व प्रमोद कुमार ने बताया कि हरीबाबू शर्मा से उनके स्वजन का संपर्क हो गया है और उनके सकुशल होने की जानकारी मिली है। जिला प्रशासन ने नेपाल आपदा के संबंध में सहायता और जानकारी के लिए कंट्रोल रूम का हेल्पलाइन नंबर 9458445291 जारी किया है। कोई भी इस पर फोन कर सकता है।