अलीगढ़ के टप्पल में कब्रिस्तान की जमीन पर जेसीबी से रास्ता बनाने पर विवाद, कब्रें क्षतिग्रस्त होने से बढ़ा तनाव
अलीगढ़ के टप्पल में कब्रिस्तान की ज़मीन पर कथित तौर पर जेसीबी से रास्ता बनाने और कब्रों को नुकसान पहुँचाने का मामला सामने आया है, जिससे क्षेत्र में तन ...और पढ़ें

टप्पल में कब्रिस्तान में रास्ता बनाने को लेकर शिकायती पत्र लेकर पहुंचे मुस्लिम समाज के लोग।
HighLights
कई कच्ची कब्रें क्षतिग्रस्त, चारदीवारी भी टूटी।
अल्पसंख्यक समुदाय ने पुलिस में शिकायत दर्ज की।
संवाद सूत्र, जट्टारी (अलीगढ़)। टप्पल कस्बे के नूरपुर रोड स्थित कब्रिस्तान में कथित तौर पर जेसीबी मशीनों से रास्ता निकालने और कई कच्ची कब्रों को नुकसान पहुँचाने का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।
घटना को लेकर अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने नाराजगी जताते हुए टप्पल थाना पुलिस को लिखित शिकायत सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित पक्ष द्वारा दिए गए संयुक्त प्रार्थना पत्र के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे कुछ लोग दो जेसीबी मशीनों के साथ कब्रिस्तान परिसर में पहुंचे और कब्रिस्तान की जमीन पर जबरन रास्ता बनाने का कार्य शुरू कर दिया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि खुदाई के दौरान कई कच्ची कब्रें क्षतिग्रस्त हो गईं।
जबकि कब्रिस्तान की चारदीवारी का हिस्सा भी तोड़ दिया गया। इसके अलावा परिसर में लगे छोटे पेड़-पौधों को भी उखाड़े जाने की बात कही गई है।
शिकायत में ओमवीर, अजीत, ललित पुत्रगण महावीर, बल्ला उर्फ अनुज पुत्र ओमप्रकाश, मनीष पुत्र शिव सिंह तथा जितेंद्र व सुशील पुत्रगण राजेंद्र सिंह समेत अन्य लोगों के नाम शामिल बताए गए हैं। पीड़ितों का कहना है कि बिना किसी अनुमति के कब्रिस्तान की भूमि पर रास्ता निकालना धार्मिक स्थल के साथ छेड़छाड़ है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। स्थिति को देखते हुए पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर सूचना दी गई, जिसके बाद टप्पल थाना पुलिस और पीआरवी टीम मौके पर पहुंची और हालात को शांत कराया। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई।
खबरें और भी
मामले की सूचना पर राजस्व विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लेखपाल ने मौके का निरीक्षण करने के बाद प्रशासन को रिपोर्ट भेजते हुए कहा कि कब्रिस्तान की भूमि पर बिना राजस्व विभाग की अनुमति के की गई खुदाई और निर्माण संबंधी गतिविधि नियम विरुद्ध प्रतीत होती है।
पीड़ित पक्ष के शरीफ, गफ्फार, जाकिर हुसैन, जमील और आबिद समेत अन्य लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि कब्रिस्तान में बनाए गए कथित रास्ते को तत्काल बंद कराया जाए तथा धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और सरकारी भूमि पर अवैध हस्तक्षेप करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
अपराध निरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के साथ-साथ राजस्व विभाग की ओर से भी शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।