12.63 करोड़ के ड्रग्स को जलाया गया, हेरोइन जैसे थे कई मादक पदार्थ; अलीगढ़ पुलिस ने की कार्रवाई
अलीगढ़ पुलिस ने "ऑपरेशन दहन" के तहत ₹12.63 करोड़ के मादक पदार्थों को नष्ट किया। 365 एनडीपीएस मामलों में जब्त 1032.741 किलोग्राम ड्रग्स को मथुरा के बाय ...और पढ़ें

ड्रग्स को नष्ट करने के लिए भेजती अलीगढ़ पुलिस।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। नशे के कारोबार पर जिले की पुलिस ने गुरुवार को “आपरेशन दहन” के तहत 12.63 करोड़ रुपये कीमत के मादक पदार्थों को आग के हवाले किया।
एनडीपीएस एक्ट के 365 मामलों में जब्त 1032.741 किलोग्राम ड्रग्स के एक साथ विनष्टीकरण की कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन के निर्देशन में जिला ड्रग डिस्पोजल कमेटी (डीडीसी) ने लंबे समय से जब्त पड़े मादक पदार्थों को चिह्नित कर कानूनी प्रक्रिया पूरी कराई।
इसके बाद इन्हें मथुरा के गोवर्धन रोड स्थित अधिकृत बायो-मेडिकल वेस्ट प्लांट में इंसीनरेटर के जरिए जलाकर नष्ट किया जा रहा है। सबसे ज्यादा मात्रा गांजे की 976.562 किलोग्राम थी।
इसके अलावा 6.685 किलोग्राम चरस, 1.674 किलोग्राम स्मैक, 46.686 किलोग्राम डायजापाम, जबकि अफीम (0.385 ग्राम) और कोकीन (0.750 ग्राम) भी नष्ट की जा रही है। यह सभी मादक पदार्थ अलग-अलग अभियानों में बरामद किए गए थे।
न्यायालय की अनुमति के बाद अब इन्हें खत्म किया गया है। एसपी क्राइम ममता कुरील ने बताया कि ऑपरेशन दहन का मकसद सिर्फ जब्त माल को नष्ट करना नहीं, बल्कि नशे के पूरे आर्थिक तंत्र को तोड़ना है।
ड्रग्स की सप्लाई चेन पर चोट करते हुए अब पुलिस जब्ती से लेकर विनष्टीकरण तक की प्रक्रिया को तेजी से पूरा कर रही है, जिससे तस्करों को दोबारा सक्रिय होने का मौका न मिले।