अलीगढ़ में शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का आरोप, FIR में देरी पर इंस्पेक्टर निलंबित
हाथरस की युवती ने अलीगढ़ के युवक पर शादी का झांसा देकर पांच साल तक शारीरिक संबंध बनाने का आरोप ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर पांच साल संबंध बनाए।
FIR में देरी व आरोप न जोड़ने पर खैर इंस्पेक्टर निलंबित।
दो अन्य पुलिसकर्मी भी लापरवाही और संदिग्ध गतिविधियों में निलंबित।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। शादी का भरोसा देकर पांच साल तक शारीरिक संबंध बनाए जाने का आरोप लगाने वाली हाथरस की युवती को खैर थाने में शिकायत के बाद भी तत्काल न्याय नहीं मिल सका। युवती का आरोप है कि शादी की बात आने पर युवक मुकर गया। उसने पुलिस से शिकायत की, लेकिन आरोप है कि मुकदमा दर्ज करने में 15 दिन लगा दिए गए और शारीरिक संबंध बनाने से जुड़े आरोप भी एफआईआर में शामिल नहीं किए गए।
युवती की शिकायत पर हुई जांच में खैर थाना प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार की लापरवाही सामने आई। इसके बाद एसएसपी ने उन्हें निलंबित कर दिया। खैर क्षेत्र के पला जरारा निवासी युवक के खिलाफ युवती ने खैर थाने में लिखित शिकायत दी थी। उसका आरोप था कि युवक ने करीब पांच साल तक उसे रिलेशनशिप में रखा और शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो युवक ने इनकार कर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने में ही 15 दिन लगा दिए।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित से युवती रिश्तेदारी के चलते संपर्क में आई। युवती ने मामले की शिकायत एसएसपी से की। इसके बाद सीओ खैर अभिषेक पटेल को जांच सौंपी गई। जांच में आरोप सही पाए जाने पर रिपोर्ट के आधार पर इंस्पेक्टर संजीव कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू की गई है।
संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्तता में निलंबित
डायल-112 में तैनात मुख्य आरक्षी रामपुत्र और आरक्षी उमेश कुमार को भी ड्यूटी के दौरान संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्तता और कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में निलंबित किया गया है। एसएसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को जनहित के मामलों में गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
निलंबन के बाद खैर थाने को मिला नया प्रभारी
खैर थाना प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार के निलंबन के बाद एसएसपी ने थाने की कमान निरीक्षक राजीव कुमार को सौंप दी है। राजीव कुमार अब अतरौली से स्थानांतरित होकर खैर के नए प्रभारी निरीक्षक होंगे। इसके साथ ही पुलिस विभाग में पांच निरीक्षक और उपनिरीक्षकों की नई तैनाती की गई है। स्थानांतरण आदेश के मुताबिक निरीक्षक सुरेंद्र कुमार पांडेय को मड़राक के प्रभारी निरीक्षक पद से हटाकर अतरौली थाने की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं अतरौली के प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार को खैर का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह को गभाना थाने की भरतरी चौकी प्रभारी पद से हटाकर गंगीरी थाने का थानाध्यक्ष बनाया गया है। गंगीरी के थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक विनोद कुमार को गोरई थाने की कमान सौंपी गई है। खैर थाने की कस्बा चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार को मड़राक थाने का थानाध्यक्ष बनाया गया है।
