अलीगढ़: स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था देह व्यापार, सात महीने बाद संचालक बरेली से गिरफ्तार
अलीगढ़ में मसाज सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार के मामले में फरार क्लासिक थाई स्पा सेंटर के ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। मसाज सेंटर की आड़ में देह व्यापार के मामले में फरार चल रहे क्लासिक थाई स्पा सेंटर के मथुरा निवासी संचालक को पुलिस ने बरेली से गिरफ्तार कर लिया। सिविल लाइन और लोधा पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार को इज्जतनगर क्षेत्र में दबिश देकर उसे किराए के मकान से पकड़ा।
समद रोड स्थित मंगलम काम्प्लेक्स में क्लासिक थाई स्पा सेंटर और 7 क्लाउड्स स्पा सेंटर में देह व्यापार की सूचना पर पुलिस ने 25 जनवरी को छापा मारा था। क्षेत्राधिकारी नगर तृतीय सर्वम सिंह और एसीएम द्वितीय दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में पांच पुरुष और सात महिलाओं को पकड़ा गया था।
मौके से आपत्तिजनक सामग्री मिलने का भी पुलिस ने दावा किया था। मामले में सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। क्लासिक थाई स्पा सेंटर का संचालक मथुरा कोतवाली के कैलाश नगर, केआर कॉलेज निवासी अभिषेक तभी से फरार था। मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी गभाना कर रहे हैं।
पुलिस को सूचना मिली कि अभिषेक बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र में छिपा हुआ है। इसके बाद संयुक्त टीम ने बन्नूवाल नगर में कुलदीप के किराए के मकान पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उसके खिलाफ मथुरा में आर्म्स एक्ट, सामूहिक दुष्कर्म समेत अन्य मुकदमे दर्ज हैं।
