Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    आंबेडकर जयंती पर DJ के शोर से व्यापारी का कान खराब, अलीगढ़ SSP से मांगी आर्थिक मदद

    By Ajit Kumar Sharma Edited By: Prateek Gupta
    Updated: Wed, 06 May 2026 02:12 PM (IST)

    अलीगढ़ के जट्टारी में आंबेडकर जयंती शोभायात्रा के दौरान तेज डीजे के शोर से एक व्यापारी के कान को 85% नुकसान पहुंचा। पीड़ित ने एसएसपी से आर्थिक सहायता ...और पढ़ें

    डीजे के शोर से सुनने की शक्ति कम होने की शिकायत करते व्यापारी धनीराम।

    डीजे के शोर से सुनने की शक्ति कम होने की शिकायत करते व्यापारी धनीराम।

    HighLights

    1. पीड़ित ने एसएसपी से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई।

    2. व्यापारियों ने डीजे पर प्रतिबंध की मांग की।

    संवाद सूत्र, जट्टारी (अलीगढ़)। डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती पर निकाली गई शोभायात्रा के दौरान डीजे के तेज शोर से एक व्यापारी का कान गंभीर रूप से प्रभावित होने का मामला सामने आया है।

    पीड़ित व्यापारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपकर कार्रवाई व आर्थिक सहायता की मांग की है। कस्बा निवासी पीड़ित व्यापारी धनीराम पुत्र विशंभर दयाल ने बताया कि 28 अप्रैल की शाम साढ़े 7 बजे कस्बे में आंबेडकर जयंती की शोभायात्रा निकाली जा रही थी।

    वह अपनी ज्वेलर्स की दुकान पर बैठा था। इसी दौरान 7-8 डीजे के साथ निकले जुलूस के तेज साउंड और वाइब्रेशन के कारण उसके बाएं कान की नसों को लगभग 85 प्रतिशत नुकसान पहुंचा, जिससे उसे सुनाई देना बंद हो गया।

    पीड़ित ने बताया कि पहले उसने कैलाश अस्पताल, जेवर में उपचार कराया, लेकिन लाभ नहीं मिला। इसके बाद बुलंदशहर स्थित अस्पताल में जांच कराई तो चिकित्सकों ने कान के 85 प्रतिशत क्षतिग्रस्त होने की पुष्टि की और ठीक होने की संभावना मात्र 15 प्रतिशत बताई।

    साथ ही आगे इलाज में 4-5 लाख रुपये खर्च आने की बात कही। व्यापारी ने बताया कि अब तक वह करीब 30-35 हजार रुपये खर्च कर चुका है और आगे इलाज के लिए उसके पास पैसे नहीं हैं।

    ज्ञापन में प्रशासन से पीड़ित को कम से कम पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने और कस्बे में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की गई है।

    घटना से क्षुब्ध व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि पीड़ित को आर्थिक मदद व तेज स्वर डीजे पर अंकुश न लगा तो वह धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।

    टप्पल थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि शिकायती पत्र प्राप्त हो गया है व मामले की जांच कराई जाएगी।

    खबरें और भी