अब कई गांवों में मिलेगी तेज इंटरनेट स्पीड, अलीगढ़ में BSNL देने जा रहा है इसी महीने अपने उपभोक्ताओं को सुविधा
अलीगढ़ और हाथरस के ग्रामीण क्षेत्रों में खराब नेटवर्क की समस्या अब खत्म होगी। बीएसएनएल 31 मार्च तक 35 ग्राम पंचायतों में हाई-स्पीड फाइबर इंटरनेट सेवा ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। बार-बार नेटवर्क का कट जाना या वीडियो में बफरिंग की समस्या गांवों में आम है। बेहतर नेटवर्क के लिए ग्रामीणों को छत पर जाना पड़ता है।, मगर अब ऐसा नहीं होगा। भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) की हाईस्पीड ब्रांड बैंड सेवा (फाइबर इंटरनेट) ने रफ्तार पकड़ ली है।
पहले चरण में 35 ग्राम पंचायतों में 31 मार्च तक फाइबर इंटरनेट सेवा शुरू करने की तैयारी है। अगले तीन वर्ष में अलीगढ़ व हाथरस की 829 ग्राम पंचायतों में यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
बीएसएनएल ने ग्रामीण क्षेत्रों में हाईस्पीड इंटरनेट कनेक्शन के लिए कई साल पहले कवायद शुरू की, मगर योजना गति नहीं पकड़ पाई। अब निजी कंपनियों से मिल रही कड़ी टक्कर के बाद बीएसएनएल ने अपनी इंटरनेट सेवाओं का जाल गांवों तक फैलाने के लिए कमर कस ली है।
पहले चिह्नित ग्राम पंचायतों तक अंडर लाइन फाइबर आप्टिकल केबल लाइन पहुंचाई जा रही है, जहां से इच्छुक घरेलू व वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को कनेक्शन दिए जाएंगे। इगलास, खैर और हाथरस की 35 ग्राम पंचायतों में लगभग काम पूरा हो चुका है। इन क्षेत्रों में बीएसएनएल इंटरनेट फाइबर सेवा 31 मार्च तक चालू हो जाएगी।
बीएसएनएल उपभोक्ताओं को जल्द से जल्द फास्ट इंटरनेट कनेक्शन फाइबर से जोड़ने के लिए इगलास और खैर में काम चल रहा है। जल्द ही सभी ग्राम पंचायतों तक यह सुविधा पहुंचा दी जाएगी और उपभोक्ता इसका लाभ उठा सकेंगे।
तुषार गुप्ता, डीजीएम, बीएसएनएल