विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 02, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

गर्लफ्रेंड के लिए पाकिस्तान पहुंचा अलीगढ़ का बादल, मां ने PM Modi से लगाई मुक्त कराने की गुहार

Published: Thu, 02 Jan 2025 08:49 AM (IST)

Aligarh News मां गायत्री देवी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपने बेटे बादल बाबू को पाकिस्तान से मुक्त कराने की ...और पढ़ें

मां ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपने बेटे बादल बाबू को पाकिस्तान से मुक्त कराने की गुहार लगाई है।
मां ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपने बेटे बादल बाबू को पाकिस्तान से मुक्त कराने की गुहार लगाई है।

HighLights

  1. आज डीएम-एसएसपी से शिकायत करेंगे स्वजन
  2. मां ने कहा- बेटे के लौटने के बाद अगर वह पाकिस्तानी युवती से शादी करना चाहता है तो वो भी होगा स्वीकार

संवाद सूत्र, जागरण। बरला/अलीगढ़। प्यार में पाकिस्तान की सीमा पार करने वाले बादल बाबू की मां गायत्री देवी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मदद की गुहार लगाई है। कहा है कि मेरे बेटे को पाकिस्तान से मुक्त कराकर सकुशल वापस लाया जाए।

इसके बाद अगर वह पाकिस्तानी युवती से शादी करना चाहता है तो वो भी स्वीकार होगा। बुधवार को दिनभर बादल के घर पर लोगों की भीड़ लगी रही। ग्रामीण व रिश्तेदारों ने पहुंचकर स्वजन को ढांढस बंधाया। पिता कृपाल सिंह ने कहा कि बेटे को मुक्त कराने की मांग को लेकर तहरीर तैयार कर ली है। गुरुवार को थाने में तहरीर देंगे। डीएम, एसएसपी व सांसद को भी प्रार्थना पत्र देंगे।

27 दिसम्बर को पाकिस्तान की पंजाब पुलिस ने किया गिरफ्तार

बरला क्षेत्र के गांव खिटकारी के कृपाल सिंह के बेटे बादल बाबू को 27 दिसंबर को मंडी बहाउद्दीन इलाके से पाकिस्तान की पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया। वीजा या दस्तावेज मांगे तो, वह नहीं दे सका। उसे 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। समाचार वेबसाइट्स पर पाकिस्तानी पुलिस के हवाले से दावा है कि उसने दो बार पहले भी सीमा पार करने की कोशिश की थी। बादल आठ साल से दिल्ली की कंपनी में सिलाई का काम कर रहा था। उसकी फेसबुक पर किसी पाकिस्तानी युवती से दोस्ती हुई, फिर प्यार हो गया।

अचानक दिल्ली से गायब हुआ था

दीपावली से 15 दिन पहले अचानक वह दिल्ली में किराये के मकान से गायब हो गया। पिता कृपाल सिंह ने फोन किया तो बोला कि दीपावली पर आ जाऊंगा। दीपावली से एक दिन पहले 30 अक्टूबर को घर पर वीडियो काल किया। कहा, जहां आना था, वहां आ गया हूं। जगह नहीं बताई। ये भी कहा कि जब फोन ले लूंगा तो स्वयं ही फोन करूंगा। मंगलवार को उसकी गिरफ्तारी की जानकारी मिली तो स्वजन हैरान रह गए। पुलिस ने भी घर जाकर पूछताछ की। बुधवार को एलआइयू कर्मियों ने पहुंचकर जानकारी ली। इसके अलावा लोगों के आने-जाने का सिलसिला लगा रहा।

डीएम और एसएसपी ने मदद की लगाएंगे गुहार

पिता अधिवक्ता की मदद से प्रार्थना पत्र तैयार करवाने में लगे रहे। बोले कि गुरुवार को थाने जाएंगे। डीएम-एसएसपी व सांसद से भी मदद की गुहार लगाएंगे। मां गायत्री देवी बेटे की सकुशल लौटने की कामना करते हुए फफकती रहीं। बोलीं कि किसी तरह बेटा लौट आए। इसके बाद उसकी जो इच्छा होगी, वह स्वीकार होगी। वह पाकिस्तानी युवती के साथ शादी करके रहना चाहेगा तो हमें कोई आपत्ति नहीं है। महिलाओं ने उन्हें ढांढस बंधाया।

कभी नहीं किया लड़की का जिक्र

बड़े भाई रूपकिशोर ने कहा कि बादल ने कभी किसी लड़की के बारे में कोई जिक्र नहीं किया। हम चाहते हैं कि पहले बादल वापस आ जाए। इसके बाद ही युवती के बारे में निर्णय लिया जाएगा। अगर बादल युवती से शादी करना चाहता है तो हमें स्वीकार होगा। पिता ने कहा कि प्रार्थना पत्र तैयार किया जा रहा है। गुरुवार को डीएम-एसएसपी व सांसद से गुहार लगाएंगे। उधर, पुलिस के पास गिरफ्तारी की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं आई है।

मां शब्द का टैटू जला हुआ दिखाकर रो पड़ा था बादल

पिता ने बताया कि वीडियो काल पर बातचीत के दौरान बादल अपने हाथ का टैटू दिखाते हुए रो पड़ा था। उसने मां शब्द को हाथ पर गुदवाया था, जिसे जलाकर हटाया गया था। पिता ने उसे समझाकर शांत किया था।

बादल के पासपोर्ट व अन्य दस्तावेज घर पर

बादल का पासपोर्ट इसी माह जून में जारी हुआ था। पासपोर्ट के आधार कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र समेत अन्य दस्तावेज घर पर ही हैं। वह कहता था कि उसके मोबाइल फोन में सभी दस्तावेज मौजूद हैं।

पाकिस्तान के नंबर से आया था वीडियो कॉल

कृपाल सिंह ने तहरीर में कहा है कि उनका बेटा 21 अगस्त 2024 को दिल्ली के धर्मपुरा गांधी नगर स्थित सिलाई फैक्ट्री में काम करने के लिए गया था। इसके मालिक सुरेश कुमार हैं। फोन पर लगातार बात कर रहा था। 31 दिसंबर को उसकी गिरफ्तारी की जानकारी मिली। उसे पाकिस्तान सरकार की पुलिस हिरासत में मुक्त कराया जाए। पिता के अनुसार वीडियो काल पाकिस्तान के नंबर से आया था, जिसकी शुरुआत 92 से थी।

ये भी पढ़ेंः हमाम के बाद एक और मुगलकालीन विरासत संकट में, मुबारक मंजिल का अब तक 70 प्रतिशत हिस्सा तोड़ा जा चुका

ये भी पढ़ेंः Lucknow Murder Case: कहीं बांग्लादेशी तो नहीं...होटल में चार बहन और मां की हत्या करने वाले अरशद और उसके पिता पर शक!

फेसबुक पर 97 दोस्तों में 22 मुस्लिम, एक पाकिस्तान का

फेसबुक पर बादल की आइडी पर 97 दोस्त हैं। इनमें से 22 मुस्लिम हैं। एक युवक पाकिस्तान के लाहौर का भी है। एक इंडोनेशिया का भी है। बादल ने इस आइडी पर चार दिसंबर 2021 को अपनी प्रोफाइल फोटो डाली थी। इसके अलावा कोई गतिविधि नजर नहीं आई।

मैं काफी समय से बादल बाबू को जानता हूं। पाकिस्तान में पकड़े जाने की खबर से सभी दुखी हैं। इस बारे में पुलिस के उच्चाधिकारियों, हाथरस सांसद अनूप वाल्मीकि व अलीगढ़ सांसद सतीश गौतम से मिलकर मदद की गुहार लगाएंगे। दिनेश कुमार, बरला प्रधान

बादल बाबू ने काफी समय तक बरला टेंट की दुकान पर काम किया था। बहुत ही सीधा लड़का है। सरकार को ठोस कदम उठाकर उसे जल्द पाकिस्तान की जेल से रिहा कराना चाहिए। साहिब शेरवानी, गांव खिटकारी

इंटरनेट मीडिया पर गलत अफवाह फैलाई जा रही हैं। उसे फेसबुक के जरिए किसी भी पाकिस्तानी युवती से प्यार नहीं हुआ। बहुत ही सीधा लड़का है। उसे किसी गलत तरीके से फंसाया गया है। बौबी कुशवाह, बरला

मोदी सरकार को तत्काल इस मामले पर संज्ञान लेना चाहिए। उसकी मां का रो रोकर बुरा हाल है। मदद की गुहार उच्चाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से भी मिलकर लगाएंगे। सचिन, गांव खिटकारी

केंद्र सरकार पाकिस्तान सरकार से वार्ता कर बादल बाबू को रिहा कराए। वह कोई गलत कदम नहीं उठा सकता। एक मजदूर का बेटा है और वह खुद मजदूरी करता था। हरिओम गुप्ता, बरला

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।