विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

टावर पर काटी रात, सुबह उतरा-नाश्ता किया फिर चढ़ गया; ड्राइवर राजू बोला- हनुमानजी और लड्डू गोपाल मेरे साथ

Published: Tue, 22 Sep 2026 09:43 AM (IST)

नौकरी की मांग को लेकर अलीगढ़ में पूर्व रोडवेज चालक राजू सैनी टावर पर चढ़ गए। पुलिस और प्रशासन उन्हें ...और पढ़ें

टावर पर चढ़कर साथ ले गया मूर्तियां।

टावर पर चढ़कर साथ ले गया मूर्तियां।

HighLights

  1. पूर्व चालक राजू सैनी नौकरी की मांग को लेकर टावर पर चढ़े।

  2. सुबह नीचे उतरकर नाश्ता किया, फिर से टावर पर चढ़ गए।

  3. प्रशासन और पुलिस राजू को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास कर रहे हैं।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। नौकरी की मांग को लेकर टावर पर चढ़े पूर्व रोडवेज चालक राजू सैनी ने सोमवार सुबह पुलिस को भी चकमा दे दिया। करीब छह बजे टावर से नीचे उतरा, शौच गया और नाश्ता किया। इसके बाद पुलिस को भनक तक नहीं लगने दी और दोबारा टावर पर चढ़ गया।

पुलिस ने मानवीयता के नाते रस्सी के जरिए उसके पास पानी और खाने का सामान पहुंचाया, जिसे उसने रस्सी से ऊपर खींच लिया। रावण टीला निवासी राजू सैनी नरौरा डिपो में चालक था। उसके अनुसार, करीब दो वर्ष पहले उसे नौकरी से हटा दिया गया था। दोबारा नौकरी पाने की मांग को लेकर वह रविवार रात टावर पर चढ़ गया था। इससे पहले आठ सितंबर को भी वह इसी टावर पर करीब चार घंटे तक रहा था।

कहा- प्रशासन से नहीं डरना, हनुमान जी और लड्डू गोपाल की मूर्तियां भी साथ ले गया

सोमवार सुबह राजू ने वीडियो पोस्ट कर प्रशासन से नहीं डरने की बात कही। वह हनुमान जी और लड्डू गोपाल की मूर्तियां भी अपने साथ लेकर गया है। वीडियो में उसने प्रशासन पर परेशान करने का आरोप लगाते हुए टावर पर फांसी लगाने की धमकी भी दी। सोमवार रात आठ बजे तक वह टावर पर ही रहा।

क्वार्सी इंस्पेक्टर अरुण कुमार ने बताया कि राजू सुबह नीचे उतरे थे, नाश्ता करने के बाद फिर टावर पर चढ़ गया। पुलिस व उनके स्वजन की ओर से खाने की चीजें भी उपलब्ध कराई गई हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में लगे हुए हैं।

अनुमोदन प्राप्त होते ही दी जाएगी नौकरी : क्षेत्रीय प्रबंधक

अलीगढ़ परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक सत्येंद्र वर्मा के अनुसार अतरौली डिपो के संविदा चालक राजू सैनी को दो वर्ष पूर्व सेवा से हटा दिया गया था। वर्तमान में वह टावर पर चढ़ा हुआ है। वह इससे पहले भी कई बार इस तरह टावर पर चढ़ चुका है। पिछली बार जब वह टावर पर चढ़ा था, तब गार्ड की नौकरी देने पर सहमत हुआ था। उसके अनुमोदन के लिए शासन को पत्र भेजा जा चुका है, लेकिन अभी तक शासन से अनुमोदन प्राप्त नहीं हुआ है। जैसे ही अनुमोदन प्राप्त होगा, उसे गार्ड की नौकरी उपलब्ध करा दी जाएगी।

यह भी पढ़ें- अलीगढ़ में छह प्रमुख मार्ग बनेंगे टू-लेन: 11.82 करोड़ रुपये जारी, भारी वाहनों का दबाव होगा कम

यह भी पढ़ें- अलीगढ़: वेतन वृद्धि और बहाली की मांग को लेकर पूर्व चालक राजू सैनी फिर टावर पर चढ़ा