पुलिस स्मृति दिवस पर अलीगढ़ में 154 बलिदानियों को श्रद्धांजलि, यूपी के छह जवानों ने दिया था सर्वोच्च बलिदान
पुलिस स्मृति दिवस पर अलीगढ़ में कर्तव्य निभाते हुए शहीद हुए 154 पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई, जिनमें उत्तर प्रदेश ...और पढ़ें

HighLights
154 पुलिसकर्मियों के बलिदान को अलीगढ़ में नमन किया गया।
उत्तर प्रदेश के छह शहीद जवानों के परिजनों का सम्मान।
पुलिसकर्मियों ने कर्तव्यनिष्ठा और देश सेवा का संकल्प लिया।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। वर्दी की जिम्मेदारी निभाते हुए जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों का बलिदान पुलिस बल के लिए हमेशा प्रेरणा बना रहेगा। देशभर में पिछले एक वर्ष के दौरान कर्तव्य निर्वहन करते हुए 154 पुलिसकर्मियों ने प्राण न्यौछावर किए। इनमें उत्तर प्रदेश के छह पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस पर रिजर्व पुलिस लाइन में इन वीरों को श्रद्धांजलि देकर उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने दी सलामी
पुलिस उपमहानिरीक्षक अलीगढ़ रेंज प्रभाकर चौधरी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन ने शहीद पुलिसकर्मियों को सलामी दी। इस दौरान शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों ने कर्तव्य, साहस और देश के प्रति समर्पण की परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

एक सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक बलिदान देने वाले उत्तर प्रदेश के छह पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक मोहित कुमार, उपनिरीक्षक सत्यभान सिंह, आरक्षी अशोक कुमार, आरक्षी प्रदीप कुमार, फायर सर्विस चालक तीरथपाल और फायरमैन आरक्षी रोहित यादव शामिल हैं।

पुलिस स्मृति दिवस पर अलीगढ़ में बलिदानियों के परिजनों का सम्मान
पुलिस स्मृति दिवस 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के दुर्गम क्षेत्र में चीनी सैनिकों से मुकाबला करते हुए बलिदान देने वाले केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 10 जवानों की स्मृति से जुड़ा है। करीब 15 हजार फीट की ऊंचाई पर विषम परिस्थितियों में तैनात जवानों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी। उनकी वीरता आज भी पुलिस बल को कर्तव्य के प्रति समर्पण की प्रेरणा देती है।
कार्यक्रम में एसपी सिटी आदित्य बंसल, एसपी ग्रामीण मनीष कुमार सिंह, एसपी यातायात प्रवीण कुमार, एसपी अपराध ममता कुरील, सहायक पुलिस अधीक्षक सृष्टि जैन सहित क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- मिशन शक्ति 6.0 में यूपी पुलिस का कमाल, सात दिन में पांच राज्यों से खोज निकाले 32 लाख के गुम मोबाइल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।