यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 28, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bharat Jodo Yatra 2: गुजरात से यूपी तक राहुल-प्रियंका भरेंगे चुनावी हुंकार, 2024 के लिए तैयार करेंगे जमीन
Bharat Jodo Yatra 2 लोकसभा चुनाव 2024 में सत्ता पर आसीन होने के सपने संजोए और भारत जोड़ो यात्रा के प्रथम चरण की कथित सफलता से आह्लादित कांग्रेस पार्टी ...और पढ़ें

HighLights
- अगस्त या सितंबर में हो सकती है भारत जोड़ो यात्रा-2 की शुरूआत
- गुजरात के पोरबंदर से आरंभ होकर उत्तर प्रदेश में आएगी यात्रा
- राहुल और प्रियंका संभालेंगे यूपी की कमान
जागरण संवाददाता, प्रयागराज: (Bharat Jodo Yatra 2) लोकसभा चुनाव 2024 में सत्ता पर आसीन होने के सपने संजोए और भारत जोड़ो यात्रा के प्रथम चरण की कथित सफलता से आह्लादित कांग्रेस पार्टी उप्र में संगठन को खड़ा करने में जुटी है।
कमान स्वयं पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने संभाली है। इसके लिए राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा-2 पर निकलेंगे। गुजरात के पोरबंदर से आरंभ होकर यात्रा उत्तर प्रदेश में आएगी। लगभग 25 दिनों में प्रदेश के 15 जिलों से यात्रा गुजरेगी। यात्रा का पड़ाव प्रयागराज में भी होगा। उस दौरान राहुल गांधी व उनकी बहन प्रियंका वाड्रा आनंद भवन स्थित स्वराज भवन में रुकेंगे।
सिंतबर में शुरु हुई थी भारत जोड़ो यात्रा
राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा-1’ सात सितंबर 2022 को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी। इसके जरिए राहुल ने 12 राज्यों व दो केंद्र शासित प्रदेशों में 3570 किलोमीटर की यात्रा पूरी की थी। कांग्रेस का मानना है कि भारत जोड़ो यात्रा का संगठन को व्यापक असर हुआ। इससे कार्यकर्ता सक्रिय हुए और राहुल आम लोगों से सीधे जुड़ने में सफल रहे। उसे ध्यान में रखते हुए भारत जोड़ो यात्रा-2 निकाली जाएगी।
यूपी में सियासी जमीन तलाशेगी कांग्रेस
यात्रा अगस्त माह के अंतिम अथवा सितंबर के प्रथम सप्ताह में शुरू हो सकती है। अबकी यात्रा प्रयागराज लाने की तैयारी है। कार्यकर्ताओं की निष्क्रियता के कारण जमीनीस्तर पर जनता से कट चुकी कांग्रेस खोई जमीन वापस पाना चाहती है।
खबरें और भी
इसके लिए प्रदेश व जिला स्तर पर संगठन में जल्द बदलाव किया जाएगा। साथ ही राहुल-प्रियंका का स्वराज भवन में प्रवास करवाकर कांग्रेस पूर्वांचल को साधना चाह रही है, क्योंकि यहां का संदेश प्रदेश व देशभर में जाता है।
कांग्रेस के प्रयागराज प्रांत के अध्यक्ष अजय राय के अनुसार भारत जोड़ो यात्रा-2 निकलनी है, लेकिन उसकी तारीख तय नहीं है। यह निश्चित है कि यात्रा का प्रयागराज में ठहराव होगा। इसको लेकर तैयारी चल रही है।
2017 में यहीं से शुरु की थी यात्रा
राहुल गांधी ने 2017 में हुए उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की शुरुआत आनंद भवन के पास से की थी। तब कांग्रेस व सपा मिलकर चुनाव लड़ रहे थे। आनंद भवन के पास से 27 फरवरी को राहुल व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मिलकर रथयात्रा शुरू की थी। स्वराज भवन में 17 फरवरी 2020 को प्रियंका ने रात व्यतीत किया था।