अवैध अस्पताल में महिला की मौत, अंबेडकरनगर के 16 सील अस्पतालों की दोबारा होगी जांच
अंबेडकरनगर में एक अवैध अस्पताल में महिला की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की नींद टूटी है। अब डीएम के निर्देश पर पूर्व में सील किए गए 16 अस्पतालों की हकी ...और पढ़ें

HighLights
अवैध अस्पताल में महिला की मौत से विभाग की नींद टूटी।
पूर्व में सील 16 अस्पतालों की हकीकत परखेगी नई टीम।
बसखारी में सील डायग्नोस्टिक सेंटर संचालक ने बदला था ठिकाना।
जागरण संवाददाता, अंबेडकरनगर। बिना लाइसेंस, मानक विहीन व अन्य कमियों के चलते वर्ष 2024 में डीएम के निर्देश पर एक दिन में छापेमारी कर 16 अवैध अस्पताल सील किए गए थे। अधिकांश संचालित किए जाने लगे तो कइयों ने ठिकाना बदल दिया।
बीते दिनों बसखारी बाजार में इस तरह का मामला सामने आया। सील डायग्नोस्टिक सेंटर के संचालक द्वारा स्थान बदलकर दूसरे नाम से अस्पताल का संचालन किया जा रहा था। इसमें नर्स से गर्भपात कराए जाने पर महिला की मौत हो गई। इसके बाद विभाग की नींद टूटी।
सीएमओ टीम बना अब सील हास्पिटलों की हकीकत परखने की तैयारी में जुट गए हैं। इस बीच संबंधित लिपिक कार्रवाई संबंधित कागजात आलमारी में बंद कर नदारद है। टीम में एक डिप्टी सीएमओ, केंद्र अधीक्षक तथा थानाध्यक्ष शामिल हैं।
बीते 21 जून 2024 को बसखारी स्थित निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत के बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया था। प्रशासनिक छापेमारी के दौरान जिले में एक साथ 16 निजी हास्पिटलों को सील कर मुकदमा दर्ज किया गया था।
इस कार्रवाई के बाद दो-चार माह बाद ही सील हुए हास्पिटलों के संचालकों ने अपना नया ठिकाना बनाकर व सील हुए भवनों में दूसरा द्वार बनाकर हास्पिटल का संचालन शुरू कर दिया। अब तक लगभग चार बार ऐसा प्रकरण आया कि सील हास्पिटल में ही प्रसूताओं की मौत हो गई।
खबरें और भी
बीते आठ जुलाई को बसखारी स्थित निजी हास्पिटल में गौरा महमदपुर की सुमन की मौत हो गई थी। अस्पताल का संचालन करने वाला कोई और नहीं बल्कि वही है, जिसका अवैध डायग्नोस्टिक सेंटर गत दिनों सील हुआ था। उसने कुछ ही दूरी पर दूसरा अस्पताल खोल लिया था।
हैरत की बात है कि एक सप्ताह बाद भी सीएचसी बसखारी के अधीक्षक ने सीएमओ को प्राथमिक जांच रिपोर्ट नहीं सौंपी। इससे दोषियों के विरुद्ध अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी।
ये अस्पताल हुए थे सील
आशुतोष हड्डी अस्पताल बसखारी, स्पर्श हास्पिटल बसखारी, आयुष्मान चाइल्ड हेल्थ एंड केयर, अवध हड्डी एवं जनरल हास्पिटल, शिफा क्लीनिक, अकबरपुर क्लीनिक, वर्धन चिकित्सालय एवं नर्सिंग होम, शारदा हास्पिटल एवं जच्चा बच्चा केंद्र, गंगा हास्पिटल देवरिया बाजार, वेद नारायण हास्पिटल सिरसिया आदि शामिल हैं।
सील हास्पिटलों से संबंधित फाइल तत्कालीन सीएमओ के स्टेनो के पास है, वह अवकाश पर है। फाइलों का अवलोकन कर स्थलीय जांच के लिए संबंधित डिप्टी सीएमओ एवं केंद्र अधीक्षक को पत्र प्रेषित किया जाएगा। बसखारी में हुई घटना की जांच की जा रही है। मंगलवार को टीम का गठन कर दिया जाएगा।
-डाॅ. प्रमोद कुमार, सीएमओ