अंबेडकरनगर में त्योहारों पर घर वापसी बनी चुनौती, अतिरिक्त बसें नदारद और ट्रेनें भी लेट
त्योहारों पर घर लौट रहे यात्रियों को अंबेडकरनगर में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा क्योंकि अकबरपुर डिपो से अतिरिक्त ...और पढ़ें
HighLights
अकबरपुर डिपो से त्योहारों पर अतिरिक्त बसें नहीं चलीं।
यात्रियों को घर पहुंचने में भारी भीड़ और देरी का सामना।
ट्रेनें भी घंटों विलंब से पहुंचीं, जिससे परेशानी बढ़ी।
संवाद सूत्र, जागरण, अंबेडकरनगर। धनतेरस, दीपावली, छठ पूजा और भैया दूज मनाने अपने गांव-घर लौट रहे लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा। अकबरपुर डिपो से लखनऊ, दिल्ली, सुलतानपुर, आजमगढ़, गोरखपुर और अयोध्या के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू नहीं हुआ। ऐसा तब है जबकि परिवहन निगम निदेशालय ने यात्रियों की सुविधा के लिए बसों के फेरे बढ़ाने और अतिरिक्त बसें चलाने के निर्देश दिए थे।
दीपावली पर घर लौटने वाले नौकरीपेशा लोगों की भीड़ के चलते बुधवार को बसों में जगह के लिए मारामारी रही। राजेश कुमार ने बताया कि उन्होंने बस का इंतजार किया, लेकिन दिल्ली की ओर से आने वाली बसें पहले से ही भरी हुई थीं। अकबरपुर निवासी सतीश कुमार ने कहा कि गुरुवार को धनतेरस पर लखनऊ जाने के लिए बस नहीं मिली, इसलिए निजी वाहन का सहारा लेना पड़ा। मनोज कुमार ने बताया कि उन्हें अकबरपुर से सुलतानपुर जाना था, लेकिन शाम पांच बजे के बाद कोई बस नहीं मिली।
स्थानीय मार्गों पर जाने वाले कई यात्रियों को डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ा। वाहन चालकों ने उनसे मनमाना किराया वसूला। बस डिपो इंचार्ज लक्ष्मी सिंह ने कहा कि यात्रियों की संख्या में खास बढ़ोतरी नहीं हुई, इसलिए अतिरिक्त बसें नहीं चलाई गईं और फेरे नहीं बढ़ाए गए। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर बसें चलाने की तैयारी है।
यह भी पढ़ें- अंबेडकरनगर में किसानों को रबी सीजन के लिए मुफ्त मिले बीज, दलहन-तिलहन की बढ़ेगी पैदावार
ट्रेनें भी घंटों देरी से पहुंचीं, यात्रियों की बढ़ी परेशानी
घर लौटने वालों की भीड़ के बीच ट्रेनों की देरी ने भी यात्रियों की परेशानी बढ़ाई। अकबरपुर रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली दून एक्सप्रेस तीन घंटे, आनंद विहार टर्मिनल-मऊ एक्सप्रेस चार, साबरमती एक्सप्रेस ढाई, कैफियत एक्सप्रेस एक और फरक्का एक्सप्रेस तीन घंटे देरी से पहुंची। ट्रेनें लेट होने से यात्री प्लेटफार्मों पर भटकते रहे। आरक्षित डिब्बों में भीड़ के कारण जनरल टिकट लेकर सफर करने वालों को अधिक दिक्कत हुई। पूछताछ केंद्र पर तैनात वीरेंद्र यादव ने बताया कि डिवीजन से ट्रेनों के विलंब की सूचना मिली थी।