विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्या-जाफराबाद रेल रूट की लूप लाइनों पर दोगुनी रफ्तार से दौड़ेंगी ट्रेनें, 20 मिनट तक घटेगा यात्रियों का सफर

Published: Wed, 04 Nov 2026 02:43 PM (IST)

अयोध्या-जाफराबाद रेलखंड पर लूप लाइनों की गति सीमा दोगुनी होकर 30 किमी प्रति घंटा हो गई है, जिससे ट्रेनों की क्रॉसिंग और ठहराव का समय आधा हो जाएगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. लूप लाइनों पर ट्रेनों की गति 30 किमी/घंटा हुई।

  2. यात्रियों का सफर 15-20 मिनट तक घटेगा।

  3. अकबरपुर स्टेशन पर 70 कोच डिस्प्ले लगेंगे।

संवाद सूत्र, अंबेडकरनगर। अयोध्या-जाफराबाद रेलखंड के 18 स्टेशनों पर ट्रेनों की क्रॉसिंग और ठहराव का समय अब आधा हो जाएगा। रेलवे बोर्ड ने अप-डाउन लूप लाइनों की अधिकतम गति सीमा 15 से बढ़ाकर 30 किमी प्रति घंटे कर दी है।

मंगलवार को लखनऊ डिवीजन के वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रजनीश श्रीवास्तव और वरिष्ठ मंडल इंजीनियरिंग प्रबंधक अजय कुमार सिंह की मौजूदगी में सभी स्टेशनों की लूप लाइनों पर ओएमएस (ओवरहेड मेजरमेंट सिस्टम) ट्रेन का 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रायल लिया गया, जो सफल रहा।

त्योहार समाप्त होने के बाद ट्रेनें लूप लाइन पर इसी गति से चलेंगी।अब तक मेन लाइन से लूप लाइन पर प्रवेश करते ही ट्रेनों को 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलना पड़ता था। इससे समय बर्बाद होता था और पीछे आने वाली ट्रेनों की गति भी प्रभावित होती थी। नई व्यवस्था के बाद ट्रेनें मेन लाइन से सीधे 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से प्लेटफॉर्म पर पहुंचेंगी।

यह व्यवस्था दर्शननगर, बिलहरघाट, अलनाभारी, गोसाईंगंज, कटेहरी, अकबरपुर, जाफरगंज, मालीपुर, तुलसीनगर, बिलवाई, शाहगंज, खेतासराय, मिहरावां, महगवां, जौनपुर और जाफराबाद जंक्शन पर लागू होगी। गत वर्ष अकबरपुर रेलवे स्टेशन की लूप लाइन की पटरी की भार क्षमता बढ़ाई गई थी।

पहले एक मीटर पटरी में 52 किलोग्राम लोहा था,जबकि नई पटरियों में एक मीटर पर 60 किलोग्राम लोहा है। ट्रैक की क्षमता बढ़ने के बाद ट्रेन की गति भी बढ़ेगी। फिलहाल, मेन लाइन पर ट्रेनें 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं। स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि ट्रायल सफल रहा।

क्रॉसिंग के लिए अब ट्रेनों को 10-15 मिनट तक धीरे नहीं चलना पड़ेगा। इससे यात्रियों का सफर 15 से 20 मिनट तक छोटा होगा। ट्रेनें समय पर चलेंगी और लूप लाइन जल्दी खाली होने से इसी ट्रैक पर अधिक ट्रेनों का संचालन संभव होगा। ट्रेन के जल्दी प्लेटफॉर्म पर पहुंचने से यात्रियों को चढ़ने-उतरने में आसानी होगी और भीड़ कम होगी।

अकबरपुर स्टेशन पर लगेंगे 70 कोच गाइड डिस्प्ले अमृत भारत रेलवे स्टेशन अकबरपुर के तीनों प्लेटफॉर्मों पर 70 कोच गाइड डिस्प्ले लगाए जाएंगे। प्रत्येक प्लेटफॉर्म पर 23 डिस्प्ले होंगे, जबकि प्लेटफॉर्म नंबर एक पर 24 लगाए जाएंगे। इनसे यात्रियों को ट्रेन आने पर कोच की जगह का पता चलेगा और वे निर्धारित स्थान पर सामान लेकर इंतजार कर सकेंगे।

रेल गति शक्ति विभाग डिस्प्ले लगाएगा। एक सप्ताह बाद काम शुरू होगा। ट्रेन आने से पांच मिनट पहले बोर्ड पर कोच संख्या दिखने लगेगी। डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड पर रेडियम लगा होने से वह दूर से चमकता नजर आएगा।

यह भी पढ़ें- हसिया लेकर खेत में उतरीं अंबेडकरनगर की DM ने खुद काटी धान की फसल, किसानों को किया सम्मानित

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।