मुख्यमंत्री योगी के अंबेडकरनगर दौरे की तैयारियां जोरों पर, अफसरों ने अवैध निर्माण पर चलवाया बुलडोजर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 7 अगस्त को अंबेडकरनगर के जलालपुर में जनसभा को लेकर तैयारियां तेज हैं। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवागमन स ...और पढ़ें

HighLights
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 7 अगस्त को अंबेडकरनगर आएंगे।
जलालपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे, परियोजनाओं का लोकार्पण।
अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाकर व्यवस्थाएं दुरुस्त की गईं।
जागरण संवाददाता, अंबेडकरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सात अगस्त को गोविंद साहब मेला परिसर में जनसभा को संबोधित करेंगे। परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास कर योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित करेंगे। उनके आगमन पर व्यवस्था में कोई कमी न रह जाए, इसको लेकर अधिकारी-कर्मचारी दिन-रात एक किए हैं।
जिले का अमला जहां डीएम ईशा प्रिया के निर्देशन कार्य करने में जुटा है, वहीं मंडलायुक्त राजेश कुमार व डीआइजी सोमेन बर्मा ने बुधवार को तैयारियों का जायजा लिया। इस बीच परिसर में शेड के नीचे अवैध रूप से किए गए निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया गया ताकि आवागमन में कोई बाधा न आए।
मंडलायुक्त और डीआइजी ने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों एवं आमजन की सहभागिता संभावित है। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक व्यवस्था को समयबद्ध, सुव्यवस्थित, सुरक्षित ढंग से सुनिश्चित करें।
उन्होंने अधीक्षण अभियंता विद्युत को सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। एसपी प्राची सिंह, सीडीओ आनंद शुक्ल, एडीएम वित्त एवं राजस्व ज्योत्सना बंधु, एडीएम न्यायिक रंजीत सिंह, प्रशिक्षु आइएएस थनिगईयरसन टी समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
टिनशेड में संचालित दुकानों को कराया ध्वस्त
गोविंद साहब तपोस्थली पर जिला पंचायत की तरफ से मेला क्षेत्र में टिनशेड का निर्माण कराया गया है। गोविंद दशमी से शुरू होने वाले माह भर के मेले में इनमें दुकानें सजती है। मेले की समाप्ति के बाद दुकानदार वापस चले जाते हैं।
खबरें और भी
कुछ दुकानदारों ने स्थाई रूप से दुकानें बना ली थीं। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर बुधवार को इन पर बुलडोजर चलाकर जमींदोज किया गया। इससे दुकानदारों और उनके समर्थकों में नाराजगी है।
अमोला बुजुर्ग में बसों की होगी पार्किंग
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित जनसभा कार्यक्रम के मद्देनजर सात अगस्त को वाहनों के डायवर्जन की व्यवस्था होगी। आलापुर, जहांगीरगंज, जलालपुर व अकबरपुर, बसखारी, टांडा और आजमगढ़ से आने वाली बसों को अमोला बुजुर्ग में सड़क के बाईं तरफ पार्क किया जाएगा।
छोटे वाहनों के लिए गोविंद साहब सर्किट हाउस तक आवागमन की व्यवस्था होगी। यहां से सभी व्यक्तियों को पैदल जनसभा स्थल तक पहुंचना होगा।
मालीपुर, आलापुर, जहांगीरगंज से आने वाले चारपहिया एवं दोपहिया वाहन रुस्तमपुर से दाईं ओर मुड़कर दाऊतपुर स्थित बाग के पास पार्क किए जाएंगे। ग्रामीण बैंक, लोहामंडी में पुलिस एवं प्रशासन के वाहनों की पार्किंग होगी।
कोतवाली में वीआइपी वाहनों की पार्किंग रहेगी। अमड़ी टोल प्लाजा से हेलीपैड तक जाने वाले मार्ग का प्रयोग केवल आकस्मिक समय में किया जाएगा।