यूपी में महिलाओं को मिली मुफ्त बस यात्रा की सौगात, रक्षाबंधन पर भी विशेष सुविधा
उत्तर प्रदेश में 'अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा' योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा ...और पढ़ें

HighLights
60 वर्ष से अधिक महिलाओं को मिलेगी मुफ्त बस यात्रा।
रक्षाबंधन पर सभी महिलाएं सहयोगी संग तीन दिन मुफ्त यात्रा।
स्मार्ट कार्ड या आधार कार्ड से मिलेगी निःशुल्क यात्रा सुविधा।
जागरण संवाददाता, अंबेडकरनगर। अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना के शुभारंभ का सजीव प्रसारण लोहिया भवन में महिलाओं को दिखाया गया। योजना के तहत 60 वर्ष वाली महिलाओं को परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी।
जिले में करीब 50 हजार बुजुर्ग इसका लाभ पाएंगी। वहीं, रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में तीन दिन महिलाएं एक सहयोगी संग निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। इसकी शुरुआत गुरुवार सुबह छह बजे से होगी। 29 अगस्त रात 12 बजे तक लाभ उठाया जा सकेगा।
कार्यक्रम में बिरजू महाराज कथक संस्थान की अध्यक्ष एवं शासन से नामित नोडल कुमकुमधर, एमएलसी डा.हरिओम पांडेय, विधायक धर्मराज, जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा, पूर्व सांसद रितेश पांडेय, जिलाधिकारी ईशा प्रिया, मुख्य विकास अधिकारी आनंद शुक्ल की मौजूदगी रही। इन्होंने महिलाओं को साड़ी व मिठाई देकर रक्षाबंधन की बधाई दी।
नोडल अधिकारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए निश्शुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलेगी।
विधायक धर्मराज निषाद ने कहा महिलाओं को स्वास्थ्य व सुरक्षा के साथ अब बुजुर्ग माताओं को सरकार द्वारा निशुल्क यात्रा सुविधा दी जाएगी। डा.हरिओम पांडेय ने कहा सपा सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहीं थीं, लेकिन भाजपा सरकार में खुशहाल हैं। भाजपा नेता बाबा रामशब्द, एआरटीओ सत्येंद्र यादव उपस्थित रहे।
आधार कार्ड व आयु संबंधी अन्य अभिलेख भी मान्य
अकबरपुर डिपो की इंचार्ज लक्ष्मी सिंह ने कहा कि जिले में 50 हजार से अधिक वृद्ध महिलाएं हैं। इनका स्मार्ट कार्ड बनाया जाएगा। जिस महिला के पास यह कार्ड नहीं रहेगा, उसको आयु प्रमाणित करने वाला पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। आधार कार्ड या अन्य मान्य अभिलेख दिखाने पर परिचालक ईटीएम में विवरण दर्ज कर शून्य मूल्य का टिकट जारी करेंगे।
योगी बाबा का धन्यवाद, फिर मुख्यमंत्री बनें, इसके लिए करेंगे प्रार्थना
कार्यक्रम में शामिल अकबरपुर की किस्मती देवी, रोशनी ने कहा कि सरकार का यह अच्छा फैसला है। इससे आवागमन में सुविधा मिलने के साथ सशक्तीकरण को भी बढ़ावा मिलेगा।
जलालपुर की बबीता, शशिकला बोलीं, सरकार की ओर से रक्षाबंधन पर सभी महिलाओं को तीन दिन निशुल्क यात्रा सुविधा मिल रही है। इसके अलावा घर की बुजुर्ग महिलाओं को भी अब सुविधा मिलने से उन्हें बड़ी राहत मिलेगी। इसके लिए योगी बाबा का धन्यवाद, फिर वही मुख्यमंत्री बनें, हम सब इसकी प्रार्थना करेंगे।
