अमेठी में खुदाई के दौरान मिले 29 प्राचीन धातु के गोले, पुरातत्व विभाग करेगा जांच
अमेठी के भनौली गांव में शौचालय निर्माण की खुदाई के दौरान 29 भारी धातु के गोले मिले हैं। पुलिस ने ...और पढ़ें

HighLights
अमेठी के भनौली गांव में खुदाई के दौरान मिले 29 गोले।
धातु के भारी गोले तोप के पुराने गोले होने का अनुमान।
पुरातत्व विभाग करेगा इन प्राचीन अवशेषों की विस्तृत जांच।
जागरण संवाददाता, अमेठी। एक घर के पास शौचालय के लिए हो रही खुदाई के दौरान धातु के 29 संदिग्ध व भारी गोले बरामद हुए। गोले बरामद होने की सूचना तेजी से क्षेत्र में पहुंच गई।
पुलिस व राजस्व टीम ने मौके पर निरीक्षण किया। आकार में बड़े एवं प्रत्येक पर एक छिद्र बने होने के कारण इन गोलों को इतिहास के पन्नों से जुड़े पुराने तोप के गोले होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
भनौली निवासी मो. इकबाल अपने भूखंड पर शौचालय निर्माण के लिए गड्ढा खुदवा रहे थे, तभी श्रमिकों के हाथ अनोखी धातु की वस्तुएं लगीं। भूमि स्वामी की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कुल 29 गोलों की बरामदगी की पुष्टि की और तत्काल उच्चाधिकारियों एवं पुरातत्व विभाग को इसकी जानकारी दी।
सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल की बैरिकेडिंग कर दी और वहां पुलिस पिकेट तैनात कर दी गई है। एहतियात के तौर पर वहां चल रहे निर्माण कार्य को रोक दिया गया है और ग्रामीणों की भीड़ को दूर रखा गया है। दोपहर बाद नायब तहसीलदार राम लखन वर्मा एवं लेखपालों की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी गोलों को सुरक्षित बोरियों में भरवाया।
बहरहाल, ये प्राचीन अवशेष किस काल के हैं और इनका क्या उपयोग था,इसका वास्तविक रहस्य पुरातत्व विभाग की विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। भूमि स्वामी ने बताया कि सोमवार को खुदाई के दौरान ये मिला था, लेकिन बारिश होने के कारण मंगलवार को सुबह कोतवाली में इसकी लिखित जानकारी दिया।
भनौली गांव में खुदाई के दौरान 29 धातु गोल आकार की निकली है। जिसका वजन लगभग सात से आठ किग्रा है। गोल की जांच के बाद पुरातत्व विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
नितेश राज, एसडीएम-मुसाफिरखाना
