विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी के इस गांव में पुलिस के डर से फरार हुए पुरुष, सहमी महिलाओं ने सुनाई आपबीती

Published: Wed, 15 Apr 2026 01:46 PM (IST)

अमेठी के नरहरपुर गांव में सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प हुई। घटना ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. नरहरपुर में पुलिस-ग्रामीणों की झड़प के बाद गांव में सन्नाटा।

  2. पुरुष घर छोड़कर फरार, महिलाएं पुलिस पर दुर्व्यवहार का आरोप।

  3. अंबेडकर जयंती फीकी पड़ी, पुलिस ने आरोपों को नकारा।

जागरण संवाददाता, अमेठी। नरहरपुर में पुलिस व ग्रामीणों के बीच हुई झड़प के बाद अब गांव में सन्नाटा पसरा है। चार दिन बाद भी हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो सके हैं। गांव में इस समय केवल महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे ही नजर आ रहे हैं, जबकि अधिकांश पुरुष घर छोड़कर फरार चल रहे हैं।

दलित बस्ती की महिलाओं का कहना है कि घटना ने पूरे गांव को दहशत में डाल दिया है। उनका आरोप है कि पुलिस कार्रवाई के दौरान न सिर्फ अभद्र व्यवहार किया गया, बल्कि कई लोगों को बिना वजह हिरासत में लेकर मारपीट भी की गई। महिलाओं ने बताया कि जो लोग रिश्तेदारी में आए थे, उन्हें भी नहीं बख्शा गया।

बुजुर्ग तुलसी ने बताया कि शोर सुनकर जब वह घर से बाहर निकलीं, तो धक्का लगने से गिर पड़ीं। जिससे उन्हें चोटें आईं। कई अन्य महिलाओं ने भी अपने साथ हुई सख्ती और डर का जिक्र किया। ग्रामीणों का कहना है कि हर साल पूरे उत्साह के साथ मनाई जाने वाली डा. भीमराव अंबेडकर जयंती इस बार फीकी पड़ गई है।

हालात ऐसे हैं कि झांकी और सामूहिक आयोजन रद्द करने पड़े। जनप्रतिनिधि मुकेश यादव ने ग्रामीणों की पीड़ा को गंभीर बताते हुए कहा कि लोगों की भावनाओं का सम्मान किया जाएगा और जयंती को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने का प्रयास किया जाएगा।

वहीं पुलिस प्रशासन ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि कार्रवाई कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई थी। कोतवाल कृष्ण मोहन सिंह के अनुसार गांव में शांति कायम है और किसी निर्दोष के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

19 नामजद व 50 अज्ञात पर दर्ज है मुकदमा

सुरक्षित भूमि से कब्जा हटवाते समय ग्रामीणों ने राजस्व व पुलिस टीम पर पथराव कर दिया था। जिससे दारोगा व आरक्षी सहित चार लोग घायल हो गए थे। मामले में दूसरे दिन पुलिस ने नौ लोगाें को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई कर चालान न्यायालय भेज दिया था। वहीं गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।