Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अमेठी में गर्मी से तड़प रहे परिषदीय स्कूलों के बच्चे, फाइलों में दौड़ रहा करंट

    Updated: Thu, 02 Jul 2026 03:48 PM (IST)

    अमेठी के 33 परिषदीय विद्यालय अभी भी बिजली जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित हैं, जिससे भीषण गर्मी और उमस में मासूम बच्चे पढ़ाई करने को मजबूर हैं। 11 स्कूल ...और पढ़ें

    गर्मी से तड़प रहे परिषदीय स्कूल के बच्चे। AI जेनरेटेड फोटो

    गर्मी से तड़प रहे परिषदीय स्कूल के बच्चे। AI जेनरेटेड फोटो

    HighLights

    1. अमेठी के 33 परिषदीय विद्यालयों में बिजली की सुविधा नहीं।

    2. गर्मी और उमस में बच्चे बिना बिजली के पढ़ने को मजबूर।

    3. 11 स्कूलों में बजट के बावजूद, 22 में बजट का अभाव।

    जागरण संवाददाता, अमेठी। एक ओर सरकारी स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के दावे किए जा रहे हैं, वहीं जिले के 33 परिषदीय विद्यालय आज भी बिजली जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित हैं। नतीजतन भीषण गर्मी और उमस के बीच मासूम बच्चे पढ़ाई करने को मजबूर हैं।

    जिले में कुल 1570 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। जहां पर एक लाख 30 हजार से अधिक बच्चें अध्ययनरत हैं। अधिकांश परिषदीय स्कूलों में विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध करा दी गई हैं, लेकिन 33 विद्यालयों में अब तक बिजली कनेक्शन नहीं हो सका है। इससे शिक्षण कक्षाओं में पढ़ाई के दौरान बच्चों को भीषण गर्मी का दंश झेलना पड़ता है।

    विभागीय आंकड़ों के अनुसार बिजली विभाग को 11 विद्यालयों में बिजली लाइन खींचने के लिए बजट पिछले वर्ष भेज दिया गया था, लेकिन अभी तक वह कनेक्शन करने की तैयारी ही कर रहे हैं, जबकि 22 विद्यालय बजट के अभाव में अब भी बिजली कनेक्शन का इंतजार कर रहे हैं।

    अभिभावकों का कहना है कि गर्मी के मौसम में बिना बिजली के कक्षाओं में बैठना बच्चों के स्वास्थ्य और पढ़ाई, दोनों पर प्रतिकूल असर डाल रहा है। ऐसे में सभी विद्यालयों को जल्द बिजली कनेक्शन से जोड़ा जाना चाहिए।

    बजट के अभाव में यहां नहीं हुआ बिजली कनेक्शन

    प्राथमिक विद्यालय इस्माइलपुर, दुल्हिनपुर, घाटमपुर, एचएएल गेट, मकूनपुर, पूरे अंगनू, पूरे बलदान, पूरे वनमानुष, सरैया, पनिहा, पूरे फुन्नू शुक्ल, पूरे गौतम, पूरे ठाकुर, पूरे वादेराय, वीरशाहपुर, पूरे दूंदी, बालापुर, उच्च प्राथमिक विद्यालय रामगंज, भुसियावा, पूरे गौरी मिश्र, भवनशाहपुर व कंपाेजिट विद्यालय मनीरामपुर।

    खबरें और भी

    बजट भेजने के बाद भी नहीं हुआ कनेक्शन

    बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से प्राथमिक विद्यालय पूरे शुक्लन, पूरे सुबेदार चौबे, पूरे परमेश्वरी, अनभुला, हाजीगंज, पूरे लाला ईश्वरीदास, इस्माइलपुर, उच्च प्राथमिक विद्यालय ततारपुर, पूरे हामी, शिवाली व पूरे बोधी उपाध्याय में बिजली कनेक्शन के लिए बजट पावर कारपोरेशन को भेज दिया था, लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते अभी तक बिजली कनेक्शन नहीं हो सका है।

    22 विद्यालयों को बिजली कनेक्शन से जोड़ने के लिए 20 लाख 51 हजार 857 रुपये का बजट मांगा गया है। जबकि 11 विद्यालयों में बिजली कनेक्शन किए जाने की तैयारी चल रही है। -आकाश श्रीवास्तव, जिला समन्वयक-निर्माण।